पोड़ी उपरोड़ा में सीईओ को लेकर बवाल! 4 दिन का अल्टीमेटम, नहीं हटाए तो जनपद में तालाबंदी और NH-130 पर चक्का जाम की चेतावनी

पोरी उपरोड़ा/ कोरबा। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भूपेन्द्र सोनवानी को तत्काल कार्यमुक्त (रिलीव) किए जाने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों का विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन को ज्ञापन सौंपकर चार दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद कार्यालय में तालाबंदी, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर चक्का जाम और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सीईओ भूपेन्द्र सोनवानी का स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शासन के निर्देशों के अनुसार स्थानांतरित अधिकारी को तय समय-सीमा के भीतर रिलीव किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनपद सदस्यों एवं सरपंचों द्वारा सीईओ के कार्यकाल के दौरान विभिन्न अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। साथ ही उनके कार्य व्यवहार को लेकर भी जनप्रतिनिधियों में असंतोष होने का दावा किया गया है। इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग दोहराई गई है।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि चार दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो समस्त जनपद सदस्य, सरपंच और क्षेत्रवासी जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। इसके साथ ही एनएच-130 पर चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Live Cricket Info

