जुआ खेलते समय छापा, डर से तालाब में कूदा युवक:सक्ती में 3 दिन बाद मिली लाश, बिलासपुर-चंद्रपुर रोड पर चक्काजाम, ट्रेनी TI सस्पेंड

सक्ती- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 3 दिन से लापता 38 साल के महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से मिला। वह 22 नवंबर की रात से लापता था। उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों के बाद बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना वाली रात जुए की फड़ पर पुलिस ने दबिश दी थी। कथित तौर पर कुछ युवकों से मारपीट की गई। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई थी। इस मामले में कांग्रेस और परिजनों ने ट्रेनी थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, सस्पेंशन और परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, महेश केवट की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार माना है। ट्रेनी टीआई को सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है
दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था महेश
जानकारी के मुताबिक, महेश राम केंवट गांव में दुकान चलाता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद वहां रखवाली करने जा रहा है।
इसके बाद वह घर नहीं लौटा। 23 नवंबर की सुबह 7 बजे तक महेश के वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।
इसके बाद पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाकर रखने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

तालाब किनारे मिला जैकेट, जुआ खेलने के दौरान पुलिस दबिश की चर्चा
महेश के लापता होने के बाद गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिला। इसी बीच गांव में चर्चा होने लगी कि 22 नवंबर की रात महेश कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहा था। इसी दौरान हसौद पुलिस की टीम वहां दबिश देने पहुंची थी।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान महेश के गंगासागर तालाब में छलांग लगाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का पता नहीं चला।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट की थी। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई। हालांकि, पुलिस की दबिश और कथित मारपीट के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय गोताखोरों के बाद SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
महेश के तालाब में डूबने की आशंका के बाद 23 नवंबर को स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। तालाब में पानी अधिक होने के कारण पहले दिन उसका पता नहीं चल सका।
इसके बाद 24 नवंबर को बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई। टीम ने स्थानीय संसाधनों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे महेश का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया जाएगा। इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा।

कांग्रेस ने ट्रेनी TI पर लगाए आरोप, कार्रवाई और मुआवजे की मांग
मामले में कांग्रेस नेता कुशल कश्यप ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना वाली रात करीब 2 बजे ट्रेनी टीआई जयराम साहू कुछ अन्य लोगों के साथ डोमाडीह पहुंचे थे। उस समय कुछ ग्रामीण ताश खेल रहे थे।
आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को पकड़ा और उनके साथ मारपीट की। पुलिस के डर से महेश ने गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी थी। उसके तालाब में कूदने के बाद ट्रेनी टीआई और उनके साथ पहुंचे लोगों ने आसपास घेराबंदी भी की थी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कांग्रेस और परिजनों ने शासन-प्रशासन के सामने तीन मांगें रखी हैं। इनमें घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत केस दर्ज करना, थाना प्रभारी और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों को सस्पेंड करना और परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देना शामिल है।
ट्रेनी टीआई को सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच किया
एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने ट्रेनी टीआई जयराम साहू को सस्पेंड कर दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि ट्रेनी टीआई बिना वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए अकेले कार्रवाई करने पहुंचे थे।
पुलिस वाहन को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया, जिसकी पहचान बाद में महेश केंवट के रूप में हुई। मामले की जांच के लिए प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
Live Cricket Info