राज्य समाचार

फाइल केंद्र न जाए इसलिए सिंचाई परियोजनाओं के कर दिए 8 टुकड़े, अब राज्य सरकार पर आएगा पूरे 601 करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ

Spread the love

 

जगदलपुर.  जगदलपुर का देऊरगांव बैराज बनने से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया है। पहले इसकी लागत करीब 250 करोड़ रुपए आंकी गई थी, लेकिन अब इसे 601.48 करोड़ रुपए में बनाने की योजना है।  इस बैराज के बनने से छत्तीसगढ़ की पहचान और देश के सबसे चौड़े जलप्रपात चित्रकोट के अस्तित्व पर संकट खड़ा होने की आशंका है। गर्मियों में इसके सूखने का खतरा भी जताया जा रहा है। पांच मीटर ऊंचा बैराज बनने से इंद्रावती नदी पर बने चार एनीकट के डूबने की भी आशंका है। इन एनीकट के निर्माण पर करीब 22 करोड़ रुपए खर्च हुए थे।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

आरोप है कि परियोजना की तकनीकी खामियां केंद्र तक न पहुंचें, इसलिए परियोजना के 8 टुकड़े कर दिए गए। इसका आर्थिक बोझ भी राज्य सरकार पर पड़ेगा। यदि पूरी परियोजना केंद्र को भेजी जाती तो केंद्रीय वित्तीय मदद मिलने की संभावना रहती।

चित्रकोट जलप्रपात में हर साल पानी का स्तर घट रहा है। वर्ष 2019 में जलप्रपात का प्रवाह पूरी तरह बंद हो गया था। तब कोडारटेड़ा बांध से पानी छोड़कर जलप्रपात तक पानी पहुंचाया गया था। यह स्थिति तब है, जब नदी पर दो मीटर ऊंचे एनीकट बने हुए हैं। ऐसे में पांच मीटर ऊंचे बैराज से पानी रोके जाने पर जलप्रपात तक पहुंचने वाला प्रवाह और कम होने की आशंका है।

 

1990 हेक्टेयर कर फाइल को रोका: नियम है कि 2000 हेक्टेयर के नीचे की कोई परियोजना है तो राज्य सरकार सीधे उसे बना सकती है, लेकिन केंद्र उसमें मदद नहीं करेगा।  यह परियोजना 16 हजार हेक्टेयर की है। प्रस्ताव भी इतने का ही बना लेकिन प्रशासकीय स्वीकृति 1990 हेक्टेयर की दी गई, जिससे फाइल केंद्र न जाए। अगर पूरी सिंचाई परियोजना भेजी जाती तो राज्य सरकार के पैसे भी नहीं लगते। केंद्र से बजट मिल जाता।

कांग्रेस सरकार ने करवाया था पहला सर्वे:

देउर गांव बैराज बनाने के लिए 2020-21 में 20 लाख रुपए से पहली बार सर्वे करवाया गया था। तब इसका स्टीमेट करीब 250 करोड़ रुपए तय हुआ था। इसके बाद सरकार बदली भाजपा ने 2024 में दोबारा सर्वे करवाया। तब स्टीमेट 554 करोड़ हो गया।

अब इसकी कीमत 601 करोड़ रुपए हो गई। जब विभाग में राशि के ढाई गुना बढ़ने के बारे में जानकारी जुटाई गई तो सबने चुप्पी साध ली। पड़ताल में पता चला कि बैराज के दोनों तरफ दीवार बनवाने, निर्माण में अतिरिक्त सामान लगवाने, मुआवजे जैसी चीजों से यह राशि बढ़ाई गई है।  पहले पांच एनीकट से 5.5 एमसीएम पानी भरता है, अब बैराज में 15 एमसीएम पानी होगा। तकनीकी हिसाब से 15 एमसीएम पानी में 2000 हेक्टेयर सिंचाई करना संभव नहीं है, फिर 16000 हेक्टेयर सिंचाई कैसे होगी।

डूब सकते हैं ये चार एनीकट

  • कुम्हरावण्ड एनीकट- यह बैराज के एकदम करीब है। 2 मीटर ऊंचे एनीकट को 6.5 करोड़ रुपए से बनाया गया था।
  • इंद्रावती एनीकट- इस एनीकट की ऊंचाई 1.5 मीटर है। यह 6 करोड़ रुपए से बना था।
  • इरिकापाल (मालगांव) एनीकट- 2 मीटर ऊंचाई पर बना यह एनीकट 4 करोड़ से बना था।
  • कोहकापाल एनीकट- यह 2 मीटर ऊंचाई पर 5.5 करोड़ रुपए से बनाया गया था।

ऊंचाई से समझिए पूरा खेल

देऊरगांव के पास इंद्रावती पर बांध बन रहा है। यहां पहुंचकर जीपीएस से तलहटी से समुद्र तल से ऊंचाई नापी गई तो 555 मीटर निकली। पास के खेत औसत 560 मी. से कम पर हैं। आगे कुम्हरावण्ड एनीकट मिला। यहां बिड बिथ 555 मी. है।

 

गर्मियों में सभी एनीकट के गेट खोल दिए जाते हैं। तब चित्रकोट फॉल तक पानी पहुंचता है। आगे बढ़ते हुए हम इंद्रावती, कोहकापाल एनीकट पार कर ओडिशा बाॅर्डर पर बने अंतिम भालूगुडा एनीकट पर पहुंचे। ये 2.25 मीटर ऊंचा है। यहां बिड बिथ 560 मी. है। पहले सभी एनीकट के पास बिड बिथ औसत 555 मीटर मिली।

 

 555 मीटर पर 5 मीटर का बैराज बनेगा तो बिड बिथ 560 मी. होगी। इस स्तर तक हमेशा जल भरा रहेगा। ऐसे में आसपास की सैकड़ों हेक्टेयर जमीन डूब जाएगी। बरसात में बाढ़ का खतरा रहेगा। गर्मी में बैराज के सभी गेट बंद हो जाएंगे।

 

अभी 2 मीटर के एनीकट में नदी का फ्लाे धीमा हो जाता है। 5 मी. के बैराज बनते ही चित्रकोट फॉल तक पानी पहुंचना संभव नहीं होगा। विभाग का दावा है कि भूजल से रिचार्ज होकर नदी का फ्लो बढ़ेगा, पर तब कई साल लगेंगे।

टेंडर में भी हुआ खेल

देऊरगांव बैराज के टेंडर में भी खेल होने की शिकायत हुई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जो टेंडर की शर्तें तय हुईं थीं, उन्हें बाद में नियम विरुद्ध बदल दिया गया। जैसे 5 साल में से किसी एक साल का तकनीकी अनुभव तय हुआ था, पर टेंडर में 5 साल का अनुभव मांगा गया।  टेंडर में 3 कंपनियां शामिल हुईं। इसमें से एल-1 एनसीसी लि. आई, जबकि इसके कई दस्तावेज कम होने की शिकायत हुई। एल-2 रि​तविक प्रोजेक्ट आई, इसके दस्तावेजों में तकनीकी गड़बड़ियां थी।

 

बैराज के पहले सर्वे में इसकी कीमत 250 करोड़ तय हुई थी, 601 करोड़ कैसे हो गई? -मैंने पहले वाली रिपोर्ट देखी भी नहीं। वह कहां है, पता नहीं। उसमें कई कमियां रही होंगी। हमारे सर्वे में जो कीमत आई, उतने का टेंडर निकला है।

बैराज बनने से चार एनीकट डूब जाएंगे?

गर्मी में एनीकट के गेट खोलने के बाद भी चित्रकोट फाल में पतली धारा रहती है। बैराज बनने पर यह तो सूख जाएगा? -सिंचाई के लिए पानी जाएगा तो जमीन से रिचार्ज होकर नदी का फ्लो बढ़ेगा। चित्रकोट फॉल में तो पानी और जाएगा।

सिंचाई परियोजना के टुकड़े क्यों किए, अगर पूरा भेजते तो राज्य सरकार को बजट नहीं देना पड़ता। केंद्र से राशि मिल जाती? -यह बोधघाट परियोजना बन जाती। कई साल तक केवल पत्राचार ही चलता रहता। राज्य के बजट से तुरंत काम शुरू हो जाएगा।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button