राज्य समाचार

दंतेवाड़ा उपचुनाव के लिए नामांकन शुरू, 29 को कांग्रेस प्रत्याशी का चयन के लिए बैठक

भाजपा चयन की बैठक 1 या 2 को

Spread the love

रायपुर। दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के लिए चुनावी हलचल शुरू हो गई है। बुधवार को विधिवत अधिसूचना जारी हो गई है। इसके साथ ही साथ नामांकन दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस गुरुवार को प्रत्याशी चयन के लिए बैठक बुलाई है जबकि भाजपा के प्रत्याशी चयन के लिए बैठक एक या दो सितंबर को हो सकती है।
दंतेवाड़ा के विधायक भीमा मंडावी की हत्या के बाद सीट खाली हुई है। निर्वाचन आयोग ने दंतेवाड़ा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। 23 सितंबर को वहां वोटिंग और 27 सिंतबर को नतीजे आएंगे। बुधवार को उपचुनाव को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही साथ नामांकन दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
कांग्रेस से प्रत्याशी चयन के लिए गुरुवार को राजीव भवन में बैठक होगी। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया मौजूद रहेंगे। चुनाव समिति की बैठक के बाद नामों का पैनल लेकर देर शाम श्री पुनिया दिल्ली रवाना हो जाएंगे। कल देर रात तक अथवा 31 तारीख तक प्रत्याशी की घोषणा की जा सकती है।
मोटे तौर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा की पत्नी देवती कर्मा की टिकट लगभग तय मानी जा रही है। वे सीएम भूपेश बघेल से मिल चुकी हैं। देवती कर्मा साल 2013 के विधानसभा चुनाव में जीत के साथ पहली बार विधायक बनीं। इसके बाद साल 2018 के चुनाव में बीजेपी के भीमा मंडावी से चुनाव हार गईं थीं। भाजपा से दिवंगत भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी की टिकट तय मानी जा रही है। फिर भी प्रत्याशी चयन के लिए 1 या 2 सितंबर को बैठक हो सकती है। 4 सितंबर को नामांकन दाखिले का आखिरी दिन है।
पौने 2 लाख से अधिक मतदाता
दंतेवाड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1 लाख 88 हजार 624 मतदाता हैं। 23 सितंबर को ये अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लगने के बाद सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी टोपेश्वर वर्मा और एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस ली। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारी- कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1 लाख 88 हजार 624 मतादाताओं के नाम सूची में है। कलेक्टर के मुताबिक क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते 273 में से 28 बूथ को अन्यंत्र शिफ्ट किया गया है। इनमें नदी पार के आधा दर्जन बूथ भी शामिल हैं। नदी पार के ग्रामीणों को मतदान के लिए मोटरबोट की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button