अपराधराज्य समाचारराष्ट्रीय खबरें

जाति-धर्म बताकर 5-10 लाख में बेचते थे बच्चे:फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट से खरीदारों को बनाते थे असली माता-पिता, 10 शहरों तक फैला नेटवर्क

Spread the love

 

रायपुर-    रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। लैब टेक्नीशियन सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए में सौदा करता था।  बच्चे खरीदने वालों को असली जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था, ताकि बच्चा खरीदार परिवार का ही लगे। बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। मामला आजाद चौक थाने का है।  सुंदरगढ़ (ओडिशा) की रहने वाली महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं था।  इसके तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोपी बच्चों को सड़क, ट्रेन और फ्लाइट से दूसरे शहरों तक पहुंचाते थे।  कुछ मामलों में खुद जाकर बच्चों को सौंपने की जानकारी भी मिली है। शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन महिलाओं ने अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now
पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर बच्चों की खरीद-फरोख्त का खुलासा किया है।
पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर बच्चों की खरीद-फरोख्त का खुलासा किया है।

पहले पढ़िए कैसे हुआ खुलासा

आरोपी महिलाओं ने ओडिशा की 21 साल की गर्भवती महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया था। गुढ़ियारी के श्री साईं अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला और नवजात को अलग-अलग घरों में रखा गया।  इस बीच बच्चे का भिलाई के एक दंपती से 8 लाख रुपए में सौदा तय किया गया था। इसमें कृतिका साहू को 5 लाख और अहिल्या को 3 लाख रुपए कमीशन मिलना था।  महिला ने आरोपियों की बातचीत सुन ली और 17 नवंबर को मौका पाकर घर से भागकर पुलिस के पास पहुंच गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने लैब टेक्नीशियन कृतिका साहू समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया।  पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज, डिलीवरी और बच्चे की देखभाल का भरोसा देकर फंसाता था।  इसके बाद नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए तक में सौदा करता था। खरीदार को बच्चा अपना दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था।

मुफ्त इलाज का भरोसा देकर रायपुर लाई थी कृतिका

रामकुंड निवासी कृतिका साहू (34) लैब टेक्नीशियन है। उसके दो बच्चे हैं। पति सुमित की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। कृतिका पहले कुछ अस्पतालों में काम कर चुकी है। इसी दौरान उसका संपर्क कई एजेंटों से हुआ।  जांच में सामने आया है कि पिछले महीने एक परिचित के जरिए उसकी पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली 21 साल की महिला से हुई थी। महिला आर्थिक रूप से कमजोर थी।  कृतिका ने उसे अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा दिया। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ रायपुर आ गई। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद महिला का पति वापस चला गया।  आरोप है कि इसके बाद बच्चे को बेचने की तैयारी शुरू हुई। प्रसव के बाद महिला और उसके बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर पर रखा गया था।

 

8 लाख में बच्चे का सौदा, दो को मिलना था कमीशन

पुलिस जांच से जुड़ी शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्चे का सौदा करीब 8 लाख रुपए में करने की बातचीत चल रही थी। बच्चा कमजोर बताया जा रहा था। इसी वजह से सौदे में देरी हो रही थी। इस सौदे में दो महिलाओं को कमीशन मिलना था। एक को 5 लाख और दूसरी को 3 लाख रुपए देने की बात सामने आई है। यानी 8 लाख रुपए की पूरी रकम दोनों महिलाओं में बांटने की तैयारी थी।  हालांकि, सौदा पूरा होने से पहले ही महिला पुलिस के पास पहुंच गई। इससे बच्चे को बेचने की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस कमीशन की रकम और सौदे से जुड़ी पूरी जानकारी की जांच कर रही है।

बच्चे की देखभाल के लिए रोज देते थे 500 रुपए

पुलिस के मुताबिक, नवजात बच्चों को कुछ समय तक अपने पास रखने और उनकी देखभाल करने के लिए रोजाना 500 रुपए दिए जाते थे।  सुंदरगढ़ की महिला और उसके बच्चे को अहिल्या के घर पर रखा गया था। वहां दोनों की देखभाल के लिए कृतिका रोज 500 रुपए देती थी।

 

3 निजी अस्पतालों में प्रसव कराने की जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि कृतिका तीन निजी अस्पतालों में महिलाओं का प्रसव कराती थी। आरोप है कि अस्पताल के रजिस्टर और मेडिकल पर्ची में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा चाहिए होता था।  इससे जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होती थी और किसी को शक भी नहीं होता था। इसके बदले अस्पताल को 10 हजार रुपए और प्रसव का बाकी खर्च अलग से दिया जाता था।  पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया था। अस्पताल की भूमिका की जांच की जा रही है। डॉक्टरों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।  पुलिस ने गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है। दो अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इन अस्पतालों में प्रसव कराने और पैसे के लेनदेन से जुड़े सुराग मिले हैं।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में अस्पतालों की भूमिका की जांच

इस पूरे नेटवर्क में कुछ अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। DCP राबिनसन गुड़िया के मुताबिक, कुछ अस्पतालों की ओर से नगर निगम को फर्जी जन्म पंजीयन भेजे जाते थे। इन्हीं रजिस्ट्रेशन के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र तैयार होते थे।  पुलिस का कहना है कि अस्पतालों से आने वाले दस्तावेजों में डिस्चार्ज सर्टिफिकेट और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड का पर्याप्त सत्यापन नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अस्पतालों की भूमिका और साक्ष्य सामने आने पर उनके खिलाफ अलग से FIR दर्ज की जाएगी।

वॉट्सऐप ग्रुप में होती थी बच्चों की सौदेबाजी

DCP राबिनसन गुड़िया के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल से वॉट्सऐप चैट और दूसरी डिजिटल जानकारियां मिली हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने वॉट्सऐप की जानकारी भी पुलिस को दिखाई।  इससे पता चला कि किन लोगों को कब बच्चों की तस्वीरें भेजी गईं, उनसे क्या बातचीत हुई और बाद में बच्चे किसे सौंपे गए। पुलिस को यह भी पता चला है कि वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए बच्चों की जानकारी साझा की जाती थी।  संभावित खरीदारों को बच्चे की शक्ल, धर्म, जाति, जन्म की तारीख और वजन बताया जाता था। इन जानकारियों के आधार पर कीमत तय करने के लिए बातचीत होती थी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button