राज्य समाचार

फरार शोएब ढेबर के साथ होटल में पार्टी करना TI को पड़ा भारी, विनीत दुबे निलंबित; पहले 2 आरक्षकों पर गिरी थी गाज

Spread the love

रायपुर  : पुलिस की वर्दी पर जनता भरोसा करती है, लेकिन जब उसी वर्दी पर अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगने लगें तो सवाल उठना लाजिमी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव के नाम पर फिरौती मांगने के मामले में फरार कारोबारी शोएब ढेबर को कथित संरक्षण देने के आरोप में नारायणपुर में पदस्थ TI विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नर की जांच रिपोर्ट के आधार पर बस्तर रेंज के IG बीएन मीणा ने मंगलवार को निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में TI विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

कौन है शोएब ढेबर, जिसके साथ पार्टी करने का आरोप?

शोएब ढेबर पर आरोप है कि उसने एक कांग्रेस नेता को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव के नाम पर धमकाकर फिरौती मांगी थी। इस मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज है। आरोपी की तलाश के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। एक तरफ पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ TI विनीत दुबे पर उसी आरोपी के संपर्क में रहने और उसे संरक्षण देने के आरोप लगे।

FIR के बाद होटल में पार्टी का वीडियो आया सामने

मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो को लेकर हुई, जिसमें FIR दर्ज होने के बाद TI विनीत दुबे कथित तौर पर फरार शोएब ढेबर के साथ एक होटल में पार्टी करते और मदिरापान करते नजर आए। इस दौरान ACCU के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम भी मौजूद बताए गए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में मामला गंभीर हो गया। दोनों आरक्षकों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब TI विनीत दुबे पर भी कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी से पहले लीक हो गई थी पुलिस की दबिश की जानकारी

शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला भी सामने आया था। बताया गया कि पुलिस टीम खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश देने पहुंचती, उससे पहले ही आरोपी को इसकी भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस महकमे के भीतर सूचना लीक करने वालों की भूमिका की जांच शुरू हुई। इसी प्रकरण में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

रायपुर पुलिस कमिश्नर की रिपोर्ट पर TI के खिलाफ कार्रवाई

तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण संदिग्ध पाया गया। फरार आरोपी शोएब ढेबर से उनकी कथित सांठगांठ की जानकारी सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नर के प्रतिवेदन पर बस्तर रेंज IG बीएन मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया।

पुलिस महकमे में उठ रहे कई सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली और गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शोएब ढेबर को पुलिस की दबिश की जानकारी पहले कैसे मिल जाती थी? क्या पुलिस की जांच से जुड़ी सूचनाएं आरोपी तक पहुंचाई जा रही थीं? फरार आरोपी के साथ पुलिसकर्मियों की कथित मौजूदगी के पीछे क्या वजह थी?

फिलहाल शोएब ढेबर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। TI विनीत दुबे के निलंबन और पहले दो आरक्षकों पर हुई कार्रवाई ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में आगे और किन लोगों की भूमिका सामने आती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button