राज्य समाचार

नशे में झूमता बचपन,स्कूली छात्र-छात्राओं के नशे के वीडियो वायरल, 7 लोगों को TC का नोटिस

Spread the love

 

कोरबा।  जिले के पाली विकासखंड के कोरबी धतूरा (हरदीबाजार) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सात छात्र-छात्राओं के नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई की है। इनमें पांच छात्र और दो छात्राएं शामिल हैं।
वायरल एक वीडियो में स्कूल की ड्रेस पहने कुछ छात्र विद्यालय के पीछे स्थित खंडहरनुमा स्थान पर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। बताया गया है कि यह वीडियो 14 नवंबर का है। दूसरे वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं सुनसान स्थान पर सिगरेट पीती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों के बीच अभद्र भाषा में बातचीत भी सुनाई दे रही है। बताया गया है कि यह वीडियो छात्राओं द्वारा बनाया गया था और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now


जिला शिक्षा अधिकारी की अनभिज्ञता

वीडियो सामने आने के बाद प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में अभिभावकों को वीडियो दिखाकर मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए गांजा पीते नजर आए पांच छात्रों और सिगरेट पीती दिखाई दीं दो छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (TC) जारी करने का नोटिस दिया गया है। प्राचार्य ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से भेजी है। जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।

नजरअंदाज नहीं, चिंता का विषय

 

कोरबी धतूरा की यह घटना केवल सात बच्चों तक सीमित मामला मानकर नजरअंदाज करने वाली नहीं है। स्कूली उम्र में गांजा और सिगरेट तक पहुंचता बचपन और नशामुक्ति अभियानों से जागरूकता के मध्य शिक्षित बच्चों में नशा का चलन समाज को सोचने पर मजबूर करता है। यह ऐसा कोई पहला मौका नहीं है कि जब बच्चों को नशा करते देखा गया हो। हालांकि स्कूल की अवधि में स्कूल से बाहर निकल कर खासकर लड़कियों का इस तरह से नशा करना चिंता का विषय तो है ही लेकिन इससे इतर शहर से लेकर उप नगरीय और ग्रामीण अंचलों में भी किशोरवय होते बच्चों को सिगरेट-बीड़ी का नशा करते देखा जा सकता है। गुटखा इनके लिए आम बात है। इसके अलावा स्लम एरिया और रेगपिकर की तरह का काम करने वाले बच्चे खुलेआम सूंघने वाला नशा करते हुए नजर आ जाते हैं। यह नजारा कोरबा शहर क्षेत्र में आम है। कपड़े के टुकड़े में नशा डालने के बाद इसे मुंह में रखकर सूंघने का चलन इन्हें मानसिक रोगी बनाता जा रहा है। नशा के हालत में बच्चों से लेकर किशोर/ युवा अपनी लत को पूरा करने के लिए चोरी जैसे वारदात में धकेले जा रहे हैं। इनके नशा की आदत को ऐसे लोग बढ़ावा दे रहे हैं जो इनके माध्यम से गलत काम करवा कर अपना स्वार्थ साध रहे हैं। इनमें चोर गिरोह के साथ-साथ कबाड़ियों का गिरोह भी शामिल है। पुलिस द्वारा सुलझाए जाने वाले चोरी चकारी के अधिकांश मामलों में नाबालिक ही शामिल मिलते हैं।खासकर स्लम और कमजोर आर्थिक-सामाजिक परिस्थितियों वाले इलाकों में नशे की आसान उपलब्धता और उसकी गिरफ्त में आते किशोरों को लेकर हालात चिंताजनक हैं।

 

बदलती लाइफ स्टाइल और रीलबाजी के जाल में उलझती युवा

 

पीढ़ी को आखिर कैसे संभालें, यह बड़ा सवाल है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और भविष्य के सपने होने चाहिए, उसी उम्र में यदि सिगरेट और गांजा नजर आने लगे तो चिंता केवल परिवार या स्कूल की नहीं, पूरे समाज की होनी चाहिए।

कानून धुएं में, नशे के सौदागर रक्तबीज की तरह

नशे के खिलाफ कोटपा हो या दूसरे नशारोधी नियम-कानून, सवाल यह है कि इनका असर जमीन पर कितना दिखाई दे रहा है? सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू और नशीले पदार्थों की बिक्री-उपलब्धता पर नियंत्रण के बावजूद नशे के सौदागर रक्तबीजों की तरह समाज में बिखरते जा रहे हैं। कार्रवाई कर स्कूल से बाहर कर देना तत्काल अनुशासनात्मक कदम हो सकता है, लेकिन उससे उस पूरे तंत्र पर सवाल खत्म नहीं हो जाता, जो बच्चों तक नशा पहुंचा रहा है। बच्चे नशे की ओर क्यों जा रहे हैं, उन्हें नशा उपलब्ध कौन करा रहा है और इस पर रोक लगाने की जिम्मेदारी किसकी है,इन सवालों के जवाब भी जरूरी हैं।

 

वीडियो ने समाज के सामने खड़ा किया बड़ा सवाल

कोरबी धतूरा स्कूल के सात विद्यार्थियों के वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल सामने ला दिया है कि नशे के धुएं में कहीं हमारा बचपन तो नहीं खो रहा? स्कूल, परिवार, समाज और प्रशासन- सभी की जिम्मेदारी है कि बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाने से पहले रोका जाए। असली चुनौती उस माहौल को बदलने की है, जहां किशोरों तक नशा पहुंच रहा है और रीलबाजी उसे सामान्य दिखाने का काम कर रही है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button