राज्य समाचार

नान घोटाले मामले में आइएएस डॉ. आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा सहित 16 अन्य आरोपी को ईडी ने भेजा नोटिस

रायपुर। नागरिक आपूर्ति निगम(नान) घोटाले की जांच मे जुटी केंद्र सरकार की एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने इस मामले के आरोपी आइएएस डॉ. आलोक शुक्ला, अनिल टुटेजा के साथ 16 अन्य आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया है। कुछ दिनों पहले ही ईडी ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरु की थी।
इस मामले में राज्य सरकार ने एसआईटी जांच भी शुरू करवाई है। माना जा रहा है कि ईडी की जांच में मामले से जुड़े धनशोध सबंधी साक्ष्य सामने आने की संभावना है। इससे पहले जब यह मामला सामने आया था, तब जांच के दौरान करीब सवा पांच करोड़ रुपए बरामद किए गए थे।
नान घोटाले की ईडी द्वारा की जा रही जांच को लेकर भी सवाल उठे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कह चुके हैं कि मामला सामने आने के करीब पांच साल बाद केंद्रीय एजेंसी ने यह जांच प्रारंभ की है। इससे पहले यह जांच क्यों शुरू नहीं की गई थी। उन्होंने ये भी कहा कि यह जांच किसी को बचाने के लिए तो नहीं हो रही है।
नान मामले में 16 में से 12 आरोपियों की जमानत हो चुकी है, एक आरोपी जेल में है तथा एक की मृत्यु हो चुकी है। मामले के आरोपी दो आइएएस अफसरों के खिलाफ राज्य सरकार की जांच एजेंसी ईओडब्ल्यू पहले ही चालान पेश कर चुकी है। इन दोनों आरोपियों सहित अन्य 16 आरोपियों को नोटिस दिए जाने की जानकारी ईडी के आधिकारिक सूत्रों ने दी और बताया की नोटिस के बाद सात दिन का समय दिया गया है।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button