बॉस ने खोला दिल! दो साल में 4,150 करोड़ की प्रॉपर्टी बेची, कर्मचारी को गिफ्ट की 4 करोड़ की Lamborghini

नई दिल्ली। आमतौर पर कंपनियां कर्मचारियों की सालभर की मेहनत के बदले इंक्रीमेंट, बोनस या प्रमोशन देती हैं, लेकिन दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी ने अपने कर्मचारी को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करने वाली अपनी एक महिला कर्मचारी को करीब 4 करोड़ रुपये की Lamborghini Urus गिफ्ट की है। इस अनोखे कॉर्पोरेट गिफ्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तीसरी एनिवर्सरी पर कर्मचारी को मिला करोड़ों का तोहफा
दुबई की रियल एस्टेट कंपनी Richkey Properties ने अपनी तीसरी एनिवर्सरी के मौके पर एक खास गाला नाइट आयोजित की थी। इस कार्यक्रम में कंपनी ने अपनी टॉप परफॉर्मर कर्मचारी नतालिया चावेज को नीले रंग की Lamborghini Urus गिफ्ट की। करीब 4 करोड़ रुपये कीमत वाली इस लग्जरी कार को बड़े रिबन से सजाकर मंच पर पेश किया गया। जैसे ही कार का अनावरण हुआ, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
दो साल में 4,150 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी सेल्स
बताया गया है कि नतालिया चावेज ने पिछले दो वर्षों में कंपनी के लिए करीब 4,150 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी सेल्स पूरी की। उनके इसी शानदार प्रदर्शन और योगदान को देखते हुए कंपनी ने उन्हें यह महंगा तोहफा दिया। इस घटना ने कर्मचारी सम्मान और कॉर्पोरेट रिवॉर्ड की चर्चा को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
कर्मचारियों पर पहले भी हो चुकी है पैसों की बारिश
कर्मचारियों को बड़े तोहफे देने वाली कंपनियों के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। हाल ही में एक अमेरिकी कंपनी की बिक्री के बाद करीब 2,250 करोड़ रुपये का फंड कर्मचारियों के बीच बांटे जाने की खबर चर्चा में रही थी। वहीं, चीन की एक कंपनी द्वारा अपने करीब 7,000 कर्मचारियों के सामने नकदी का बड़ा ढेर लगाने का मामला भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
इन घटनाओं से साफ है कि कुछ कंपनियां कर्मचारियों की मेहनत और प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए पारंपरिक बोनस और इंक्रीमेंट से आगे बढ़कर अनोखे तरीके अपना रही हैं। दुबई की कंपनी का यह लग्जरी गिफ्ट भी इसी वजह से दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Live Cricket Info