राज्य समाचार

सर्वमंगला चौक पर बड़ा हादसा टला: कोयला लदा तेज रफ्तार ट्रेलर रेलिंग तोड़कर गार्डन में पलटा, चालक घायल

Spread the love

 

कोरबा। शहर के व्यस्ततम सर्वमंगला चौक पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कुसमुंडा क्षेत्र से कोयला लोड कर कनवेरी मार्ग की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सर्वमंगला मंदिर के पास स्थित गार्डन में जा घुसा और पलट गया। हादसे के समय सड़क पर कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 12 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर सर्वमंगला चौक से आगे मोड़ पर पहुंचा ही था कि चालक को अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गार्डन में जा पलटा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

 

 

दुर्घटना के बाद ट्रेलर में लदा पूरा कोयला गार्डन में बिखर गया। ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई और वाहन मालिक को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।  पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्वमंगला चौक पर यातायात प्रभावित रहा और मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वमंगला चौक शहर का अत्यंत व्यस्त चौराहा है, जहां देर रात भी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने मांग की है कि खदान क्षेत्रों से कोयला और अन्य माल लेकर शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए। साथ ही सर्वमंगला चौक जैसे संवेदनशील मोड़ों पर अतिरिक्त सुरक्षा रेलिंग, मजबूत बैरिकेडिंग और प्रभावी यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क किनारे लगी रेलिंग और सुरक्षा अवरोधक नहीं होते तो अनियंत्रित ट्रेलर सीधे सर्वमंगला मंदिर परिसर की ओर बढ़ सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button