हसदेव डेम में युवती का शव मिलने से सनसनी, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में मंगलवार को एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदिनी स्थानीय स्तर पर एक ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण ले रही थीं।
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह जब नंदिनी घर पर नहीं मिलीं तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव दिखाई दे रहा है। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना दर्री थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की उपस्थिति में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल युवती की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क इस संवेदनशील मामले की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर लगातार नज़र बनाए हुए है। जैसे ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी, पाठकों तक तथ्यात्मक और प्रमाणित अपडेट पहुंचाए जाएंगे।
Live Cricket Info
