आंधी-तूफान में युवक की मौत: घर की दीवार से गिरी ईंट सीने पर लगी , हत्या की आशंका के बाद जांच में हादसा निकला

कोरबा । कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत बतारी गांव में तेज आंधी-तूफान के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उत्तम सिंह चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज हवा के चलते घर का सीट उड़ गया और दीवार का हिस्सा गिरने से एक ईंट सीधे उत्तम के सीने पर आ लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
शुरुआत में मृतक के ससुराल पक्ष ने घटना पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की थी। सीने पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच की। घटनास्थल निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत आंधी-तूफान के दौरान गिरे मलबे से हुई है।
उत्तम सिंह चौहान शादी के बाद बांकी मोंगरा के भेजिनारा गांव स्थित ससुराल में रहते थे और कुछ दिन पहले ही अपने गृहग्राम बतारी आए हुए थे। उनके पिता गुरुवार सिंह हाल ही में एसईसीएल से सेवानिवृत्त हुए हैं।
परिवार में पत्नी गंगाबाई और एक बेटा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जिले में फिर तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
Live Cricket Info
