कोरबा के अमर नारायण सिंह पर 4.55 करोड़ की कथित ठगी का आरोप! डायमंड कारोबारी को दिखाया कोयला खदान में पार्टनरशिप का सपना, अब मूलधन लौटाने से भी किया इनकार..

कोरबा/रायपुर। पहले दोस्ती और भरोसा, फिर कोयला खदान में पार्टनरशिप का सुनहरा सपना और उसके बाद करोड़ों रुपये का निवेश! जब मुनाफे की बारी आई तो बहानेबाजी शुरू और आखिरकार मूलधन लौटाने से भी इनकार। कोरबा जिले की सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइंस के नाम पर रायपुर के एक डायमंड कारोबारी से कथित तौर पर 4 करोड़ 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मामले में पीड़ित अक्षत राजन की शिकायत पर रायपुर के तेलीबांधा थाना पुलिस ने केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब निवेश की रकम, खदान में हुए कारोबार और कथित पार्टनरशिप के पूरे खेल की पड़ताल कर रही है।
तीन साल पहले हुई पहचान, फिर खदान में पार्टनर बनाने का ऑफर
शिकायत के मुताबिक, अक्षत राजन 3 डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। करीब तीन साल पहले उनकी पहचान केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह से हुई थी। बातचीत आगे बढ़ी तो आरोपी ने उन्हें कोयला उत्खनन कारोबार में साझेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए कोरबा जिले के पाली क्षेत्र स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइंस का नाम सामने आया।
कोयला कारोबार में बड़ा मुनाफा कमाने की उम्मीद और पार्टनरशिप के भरोसे अक्षत से 4.55 करोड़ रुपये निवेश करने को कहा गया। आरोप है कि कारोबारी ने भरोसा करते हुए आरटीजीएस के जरिए ऑनलाइन रकम आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी। बदले में निवेश की राशि लाभ सहित वापस करने का भरोसा दिया गया था।
पार्टनरशिप के साथ खदान का खर्च भी कारोबारी की जेब से!
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में खदान में कोयला उत्खनन और संचालन के लिए ईंधन, मेंटेनेंस तथा अन्य जरूरी खर्चों का भुगतान भी अक्षत राजन ने ही किया। उन्हें खदान का काम भी सौंपा गया और उन्होंने कई महीनों तक वहां कामकाज किया।
यानी एक तरफ पार्टनर बनने के नाम पर 4.55 करोड़ रुपये निवेश किए, दूसरी तरफ खदान संचालन का खर्च भी अपनी जेब से उठाते रहे। इसके बावजूद जब कमाई और मुनाफे में हिस्सेदारी की बात आई तो तस्वीर बदलने लगी।
मुनाफा मांगते ही शुरू हुआ बहानों का खेल
आरोप है कि कई महीनों तक खदान में काम करने के बाद जब अक्षत ने अपने हिस्से के मुनाफे का हिसाब मांगा तो उन्हें अलग-अलग कारण बताकर टालना शुरू कर दिया गया। कई बार मूलधन और लाभ की रकम वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने मूल निवेश की रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया।
खुद को ठगी का शिकार महसूस करने के बाद अक्षत ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे बड़ा सवाल: पार्टनर थे या सिर्फ पैसा लगाने वाले?
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प और गंभीर सवाल यही है कि जब अक्षत राजन को खदान का काम भी मिला, उन्होंने महीनों तक संचालन भी किया और ईंधन-मेंटेनेंस का खर्च भी उठाया, तो फिर उनकी हिस्सेदारी और निवेश का हिसाब कहां गायब हो गया?
– यदि अक्षत वास्तविक पार्टनर थे तो उनके हिस्से का मुनाफा और कारोबार का हिसाब कहां है?
– यदि पार्टनरशिप थी ही नहीं तो 4.55 करोड़ रुपये किस आधार पर लिए गए?
– आरटीजीएस के जरिए खाते में पहुंची करोड़ों की रकम का इस्तेमाल कहां हुआ?
– क्या निवेश की पूरी राशि वास्तव में खदान के कारोबार में लगाई गई या कहीं और इस्तेमाल हुई?
– खदान संचालन में खर्च की गई अतिरिक्त रकम का हिसाब कौन देगा?
– क्या इस कथित खेल में सिर्फ एक डायरेक्टर की भूमिका है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है?
अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
4.55 करोड़ रुपये का मामला कोई छोटी-मोटी कारोबारी लेनदेन का विवाद नहीं है। इसमें कथित पार्टनरशिप, करोड़ों का निवेश, खदान संचालन और मुनाफे के भुगतान से जुड़े कई पहलू हैं। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना होगा कि निवेश की रकम कहां गई, पार्टनरशिप की वास्तविक शर्तें क्या थीं और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज हुआ है, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। लेकिन इस पूरे मामले ने कोयला कारोबार में पार्टनरशिप के नाम पर होने वाले निवेश और करोड़ों के लेनदेन पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Live Cricket Info