राज्य समाचार

हर घर तिरंगा अभियान : बिहान की दीदियां देश सेवा में जुटीं, डेढ़ लाख तिरंगा बनाने का मिला ऑर्डर

Spread the love

अभियान बना दीदियों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया

 

बिलासपुर (ग्रामयात्रा छत्तीसगढ़ )। देशभर में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के गनियारी स्थित नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है, जहां बिहान की 30 स्व-सहायता समूह की 100 से अधिक महिलाएं तिरंगा निर्माण में जुटी हुई हैं। समूह की दीदियों ने देशभक्ति के इस पुनीत काम में भागीदारी मिलने पर खुशी जताई और प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री का आभार जताया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

गनियारी स्थित नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री में स्व सहायता समूह की दीदियों को 1.50 लाख से अधिक तिरंगा तैयार करने का लक्ष्य मिला है, जो जिले के विभिन्न शासकीय, अशासकीय संस्थानों एवं आम नागरिकों तक पहुँचाए जाएंगे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में तिरंगे की मांग में वृद्धि हुई है, और इसी को पूरा करने का जिम्मा अब दीदियों ने बखूबी संभाल लिया है।

तिरंगा निर्माण कर रही स्व-सहायता समूहों की महिलाएं इस कार्य को केवल एक आर्थिक अवसर के रूप में नहीं, बल्कि देशभक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक मान रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि वे एक ऐसे पवित्र कार्य में भागीदार बन रही हैं, जिससे उनका सीधा जुड़ाव देश की सेवा से हो रहा है। नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री की अध्यक्ष श्रीमती मीना मानिकपुरी ने बताया कि तिरंगा निर्माण के लिए विभिन्न विभागों और संस्थाओं से भी उन्हें आर्डर मिल रहा है, जिसे पूरा करने के लिए दीदियां कड़ी मेहनत कर तिरंगा निर्माण कर रही है। इससे दीदियों को अतिरिक्त आय भी मिल रही है।

 

तिरंगा निर्माण में जुटी समूह की दीदी राजेश्वरी यादव और नंदिनी साहू ने कहा कि तिरंगा निर्माण में समूह की सैकड़ों महिलाएं जुटी है और लक्ष्य के अनुरूप झंडा बनाने का कार्य कर रही है। दीदियों ने कहा कि इस अभियान के जरिए तिरंगा निर्माण से उन्हें प्रतिदिन 500 रूपए की अतिरिक्त आय मिल रही है। वे इस बात से भी उत्साहित है कि देशभक्ति के इस पावन कार्य में उनकी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका है। नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री में तिरंगे के निर्माण की प्रक्रिया में धागा कातने से लेकर सिलाई, प्रेस और पैकिंग तक सभी कार्य महिलाएं खुद कर रही हैं,

 

जिससे उन्हें न केवल रोजगार मिला है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा मिल रही है, जिससे दीदियां उत्साहित है। जिला पंचायत सीईओ  संदीप अग्रवाल ने बताया कि विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले में तिरंगा निर्माण का जिम्मा दीदियों को दिया गया है, जिसे कम कीमत पर आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि जिला पंचायत परिसर में समूह द्वारा लगाये गये स्टॉल के माध्यम से तिरंगा विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील कि वे हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा लहराकर देश प्रेम का भाव प्रकट करें। उल्लेखनीय है कि हर घर तिरंगा अभियान न केवल देश के कोने-कोने तक राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचा रहा है, बल्कि महिला शक्ति को सम्मान और अवसर भी प्रदान कर रहा है।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button