राज्य समाचार

रमजान के महीने में नमाज, सेहरी व इफ्तार जारी, बाजारों में भी रौनक

भिलाई (ग्रामयात्रा छत्तीसगढ़ )। पवित्र रमजान माह की शुरुआत होते ही मुस्लिम समुदाय के लोग इबादत में मसरूफ हो गए हैं। रमजान में दिन भर रोजे रहना और 5 वक्त की नमाज के साथ रात में नमाजे तरावीह की इबादत में लोगों का वक्त बीत रहा है। बाजार में रमजान की खास रौनक देखने को मिल रही है। रमजान को देखते हुए शहर की तमाम मस्जिदों में खास इंतजाम किए गए हैं।

अल्लाह का महीना है रमजान:डॉ. इस्माइल:-

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मी डॉ. सैय्यद ईस्माइल ने रमजान की फजीलत बयान करते हुए कहा- अल्लाह के आखिरी नबी हजरत मोहम्मद सल्लाहो अलैहि सल्लम ने फरमाया कि शाबान मेरा महीना ओर रमजान अल्लाह का महीना है। शेखुल हदीस हजरत मौलाना जकरिया रहमतुल्लाह ने फजाईले रमजान में लिखा है कि इस महीने में अल्लाह बंदो की नेकी को बढा देता है। एक फर्ज सत्तर फर्जों के बराबर हो जाते हैं।

इसलिए बंदों को नेकी के तरफ तेजी से कदम बढ़ाना चाहिए। अल्लाह कहता है, हर इबादत का बदला फरिश्तों के जरिए से मैं देता हूं लेकिन रोज़े का बदला मैं खुद देता हूं। डॉ. सैयद इस्माइल ने कहा कि रोजा  बुराई से रोकता है, ये रहमत, बरकत और माफी कराने का महीना है।  अपने गुनाहों से तौबा कर अल्लाह को राजी करें।

उन्होंने कहा कि रोजा सिर्फ भूखे और प्यासे रहने का नाम नहीं है बल्कि रोज़े के मकसद से इंसान अपने अंदर गुस्सा, झूठ,फरेब, बुरे काम छोड़कर कर संयम, एकाग्रता और अल्लाह का डर ला सके क्योंकि रोजा अल्लाह का हुक्म है। मुहब्बत और खुलूस का महीना है रमजान:हैदर जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम खतीब मौलाना हाफिज इकबाल अंजुम हैदर ने कहा कि रमजान की बहुत सी फजीलत हैं और हमें यह सब्र का पैगाम देता है।

यह पाकीजा महीना हमें उन गरीबों और मोहताजों के बारे में एहसास दिलाता है, जिन्हें दो वक्त की रोटी नसीब नहीं होती है। भूख और प्यास का एहसास जब हमें होता है तो इसकी अहमियत पता चलती है कि गरीबों और मोहताज लोगों की भूख-प्यास का भी हमें खयाल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रमजान को मोहब्बत और खुलूस का महीना भी कहा गया है। हमेशा सब्र का दामन थामे रखना चाहिए। अपनी जिंदगी को अल्लाह की राह में लगा देना चाहिए।

मस्जिदों में जारी है तरावीह की नमाज:-

रमजान के मौके पर रात में ईशा की नमाज के बाद शहर की तमाम मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़ाई जा रही है। जिसमें 26 वां रोजा पूरा होने से ठीक पहले पवित्र कुरआन इस तरावीह की नमाज के दौरान पूरा सुनाया जाएगा। शहर में जामा मस्जिद सेक्टर-6, रज़ा मस्जिद केम्प 2, गौसिया मस्जिद केम्प 1,शेर ए खुदा मस्जिद हाऊसिंग बोर्ड, अशरफी मस्जिद जोन-3,मदनी मस्जिद जोन-2, मस्जिद गफ्फार कालोनी, गरीब नवाज़ मस्जिद-सुपेला, मस्जिद शांति नगर, नूरी मस्जिद बाबा फऱीद नगर, फरीदिया मस्जिद फरीद नगर,मक्का मस्जिद निज़ामी चौक, फलक नुमा मस्जिद आयप्पा नगर, हनफी मस्जिद कोहका, हुसैनी मस्जिद कर्बला मैदान, हजरत बिलाल मस्जिद हुडको,रुआबाँधा मस्जिद और रिसाली मस्जिद में शाम 7:30 बजे के बाद अजान, ईशा की नमाज और उसके बाद तरावीह की नमाज पढ़ाई जा रही है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button