राज्य समाचार

पटवारी-आरआई परीक्षा पेपर लीक में EOW का एक्शन, दिल्ली से अरविंद और वीर आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले में मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव और 41 वर्षीय अरविंद जाटव के रूप में हुई है। दोनों भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

EOW ने 16 नवंबर को दोनों आरोपियों को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 23 नवंबर 2026 तक यानी 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब जांच एजेंसी आरोपियों से पेपर लीक की साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और अभ्यर्थियों से की गई कथित अवैध वसूली को लेकर पूछताछ करेगी।

परीक्षा से पहले लीक हुआ था प्रश्नपत्र, 216 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन

EOW-ACB की जांच के मुताबिक, 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन परीक्षा आयुक्त, भू-अभिलेख की ओर से किया गया था। इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।

बाद में परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रकरण की जांच EOW-ACB को सौंप दी। शुरुआती जांच में अनियमितताओं के तथ्य सामने आने के बाद ब्यूरो ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े व्यक्ति के साथ साजिश का आरोप

जांच एजेंसी का आरोप है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक की साजिश रची थी।

EOW के अनुसार, आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग कर परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर लिया था। इसके बाद कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।

जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और उसकी तैयारी के लिए जगह मुहैया कराने के बदले उनसे मोटी रकम वसूली गई थी। एजेंसी अब इस कथित नेटवर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पहचान परेड में पटवारियों ने की आरोपियों की पहचान

EOW ने 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने आरोपियों की पहचान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक पेपर से तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और कथित अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के रूप में की।

जांच एजेंसी के मुताबिक, पहचान परेड और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी की गई है।

8 दिन की रिमांड पर पूछताछ, अन्य आरोपियों की भूमिका की होगी जांच

रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों को 23 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस दौरान EOW उनसे पेपर लीक की पूरी प्रक्रिया, प्रश्नपत्र हासिल करने के तरीके और अभ्यर्थियों तक उसे पहुंचाने में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।

इसके अलावा अभ्यर्थियों से कथित तौर पर वसूली गई रकम, लेन-देन के माध्यम और इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी की धाराओं में दर्ज है मामला

इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल EOW-ACB मामले की जांच कर रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button