राजधानी में निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरा, 8 लोग घायल, NDRF की टीम पहुंची

शाम 4:40 बजे हुआ हादसा, मलबे की चपेट में आए लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार शाम करीब 4:40 बजे पहाड़गंज में हरि वर्दी स्कूल के पास हुआ। उस समय इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राउंड फ्लोर की छत का लिंटर अचानक ढह गया और इसकी चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए।
PCR कॉल मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, शाम 4:40 बजे पहाड़गंज थाने को PCR कॉल के जरिए इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां, एनडीआरएफ की टीम और एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम भी मौके पर पहुंची।
एक अधिकारी के मुताबिक, दमकल विभाग की टीमों के पहुंचने से पहले ही PCR कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया था।
गीले सपोर्टिंग कॉलम और झुकी इमारत पर उठे सवाल
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत के सपोर्टिंग कॉलम यानी खंभे गीले थे। इसके अलावा इमारत एक तरफ झुकी हुई भी दिखाई दे रही थी। हालांकि, लिंटर गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
हादसे में घायल सभी 8 लोगों की पहचान
इस घटना में घायल हुए लोगों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहेल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंटसु (40) के रूप में हुई है। सभी का नजदीकी अस्पताल में उपचार जारी है।
हौज काजी हादसे में गई थी 7 लोगों की जान
दिल्ली में इमारत ढहने की घटनाओं के बीच हाल ही में पुरानी दिल्ली के हौज काजी इलाके में भी बड़ा हादसा हुआ था। 5 नवंबर को सुबह करीब 9:45 बजे तीन मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो गई थी। उस समय भी इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। राहत एवं बचाव अभियान 70 घंटे से अधिक समय तक चला था। इस मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक सईमुल्लाह उर्फ अयूब और तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया था।
Live Cricket Info