बिलासपुर में अनूठी पहल: अब बुजुर्गों के घर पहुंचेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा

लायंस क्लब बिलासपुर संगम की नई पहल—घर बैठे होगी स्वास्थ्य जांच, डॉक्टरों का परामर्श और दवाइयों की सुविधा
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क | बिलासपुर
बिलासपुर में बुजुर्गों और असहाय नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लायंस क्लब बिलासपुर संगम (डिस्ट्रिक्ट 3233 सी) ने एक सराहनीय और जनहितैषी पहल शुरू की है। अब ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनके बच्चे नौकरी, शिक्षा या अन्य कारणों से दूसरे शहरों अथवा विदेशों में रहते हैं और जो अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते, उन्हें घर पर ही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
क्लब अध्यक्ष लायन अश्विनी यादव ने बताया कि यह सेवा क्लब की स्थायी गतिविधि “लायंस क्लीनिक – घर पहुंच स्वास्थ्य सेवा” के अंतर्गत सोमवार से पूरे बिलासपुर शहर में प्रारंभ की जा रही है। श्याम हॉस्पिटल, सीपत रोड, सरकंडा के सहयोग से संचालित यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी।
घर बैठे मिलेंगी ये सुविधाएं
घर पर ही ब्लड प्रेशर, शुगर, ऑक्सीजन लेवल, वजन और हृदय गति की जांच।

विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श।
सामान्य बीमारियों के लिए निःशुल्क दवाइयों का वितरण।
आवश्यकता पड़ने पर बड़े अस्पताल में रेफर करने की व्यवस्था।
1000 बुजुर्गों तक पहुंचने का लक्ष्य
क्लब की सहसचिव एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर लायन चंद्रकला पैकरा ने बताया कि क्लब की सफल बुक बैंक जैसी स्थायी सेवा योजनाओं से प्रेरणा लेकर इस स्वास्थ्य सेवा को भी दीर्घकालिक अभियान के रूप में शुरू किया गया है। इसके लिए 20 लायन सदस्यों और डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई गई है। क्लब का लक्ष्य वर्षभर में 1000 से अधिक बुजुर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने की सराहना
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रिपुदमन पुसरी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि “We Serve” की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही लायंस क्लब का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर संगम की यह पहल पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
कैसे मिलेगा लाभ?
बिलासपुर शहर के बुजुर्ग या उनके परिजन मोबाइल नंबर 9111128286 पर कॉल या व्हाट्सऐप कर सेवा का लाभ ले सकते हैं। सूचना मिलते ही क्लब की स्वास्थ्य टीम संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराएगी।
मानव सेवा की मिसाल
आज के समय में जब अनेक बुजुर्ग अकेलेपन और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में लायंस क्लब बिलासपुर संगम की यह पहल केवल एक स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और मानव सेवा का प्रेरक उदाहरण है। यह अभियान उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
Live Cricket Info




