राज्य समाचार

रुपयों की लालसा में दांव पर मानवता? दिवाकर अस्पताल में नवजातों के कथित सौदे ने उठाए गंभीर सवाल; 15 साल की किशोरी को बताया 21 वर्ष

Spread the love

 

रायपुर।   अस्पतालों को जीवन बचाने और मानवता की सेवा करने का केंद्र माना जाता है, लेकिन जब चिकित्सा सेवा की आड़ में रुपयों की लालसा हावी होने लगे, तो इंसान की जिंदगी और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित निजी दिवाकर अस्पताल के जरिए नवजातों की कथित खरीद-बिक्री के मामले में सामने आए नए खुलासे ने चिकित्सा व्यवस्था की संवेदनशीलता और व्यावसायिक नैतिकता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि ओडिशा की महज 15 वर्षीय किशोरी को फर्जी दस्तावेजों के जरिए 21 वर्ष का बताकर अस्पताल में प्रसव कराया गया। सवाल यह है कि आखिर अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की उम्र और दस्तावेजों की वास्तविकता की जांच क्यों नहीं की? क्या रुपयों की लालसा में चिकित्सा संबंधी जिम्मेदारियों और कानूनी प्रक्रियाओं को दरकिनार किया गया? जिस अस्पताल पर मरीजों की जिंदगी और सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी संस्थान की भूमिका नवजातों की कथित खरीद-फरोख्त में सामने आना बेहद चिंताजनक है। यह मामला केवल एक अस्पताल या कुछ दलालों तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी चिकित्सा संस्थानों की जवाबदेही, निगरानी व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर भी गंभीर सवाल उठाता है।

 

 

राजधानी रायपुर में निजी अस्पताल की आड़ में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में विशेष जांच दल (SIT) के सामने एक और गंभीर खुलासा हुआ है। जिस युवती को दस्तावेजों में 21 वर्ष का बताकर अस्पताल में प्रसव कराया गया था, वह जांच में महज 15 वर्ष की निकली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए आधार कार्ड में कथित रूप से छेड़छाड़ करने के साथ फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया था। ओडिशा में शैक्षणिक अभिलेखों की जांच के बाद किशोरी की वास्तविक उम्र सामने आई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में पॉक्सो और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। मामले में अब तक अस्पताल संचालक और नर्स सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े इस मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे अस्पताल, आईवीएफ सेंटर और बिचौलियों की भूमिका से संबंधित नई जानकारियां सामने आ रही हैं। पुलिस की जांच अब केवल नवजात की बिक्री के कथित प्रयास तक सीमित नहीं है, बल्कि दस्तावेजों में हेरफेर और नाबालिग के शोषण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। एसआईटी की जांच के अनुसार, राजधानी के एक आईवीएफ सेंटर में कार्यरत नर्स कृतिका साहू की इस प्रकरण में महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद उसे और उसके पति को कानूनी कार्रवाई का भय दिखाया गया। दोनों को गंभीर आपराधिक मामले में फंसने और जेल जाने की आशंका बताकर किशोरी को रायपुर बुलाया गया था।

 

इसके बाद कथित रूप से उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर किया गया और गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में प्रसव कराया गया। पुलिस के मुताबिक, किशोरी को इस तरह भ्रमित किया गया था कि जांच शुरू होने के बाद भी वह स्वयं को बालिग बताती रही। स्कूल के रिकॉर्ड ने खोली फर्जी दस्तावेजों की पोल जांच के दौरान पुलिस को किशोरी की उम्र से संबंधित दस्तावेजों पर संदेह हुआ। इसके बाद उसकी वास्तविक जन्मतिथि का पता लगाने के लिए ओडिशा में शैक्षणिक अभिलेखों की जांच की गई। स्कूल से प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर पुष्टि हुई कि पीड़िता बालिग नहीं, बल्कि नाबालिग है। इस खुलासे के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस ने नाबालिग से जुड़े अपराध और डिजिटल दस्तावेजों में कथित हेरफेर को देखते हुए प्रकरण में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धाराएं शामिल की हैं।

 

रुपयों के विवाद से सामने आया नवजात की बिक्री का मामला नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े इस मामले का खुलासा 15 नवंबर को हुआ था। पुलिस के अनुसार, रुपयों के बंटवारे को लेकर कुछ लोगों के बीच सड़क पर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को आजाद चौक थाने लेकर गई। पूछताछ और पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस को पता चला कि किशोरी को दूसरे राज्य से रायपुर बुलाकर उसका प्रसव कराया गया था। इसके बाद नवजात को बेचने का कथित प्रयास किया जा रहा था। इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और पूरे प्रकरण में शामिल लोगों की भूमिका तलाशनी शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को एक अन्य स्थान पर रखा गया था। इस घटनाक्रम से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

अस्पताल संचालक और नर्स सहित सात आरोपी गिरफ्तार 1 डॉ. खीर सिंधु महानंद, अस्पताल संचालक 2 कृतिका साहू, नर्स 3 अहिल्या नामदेव 4 गीतिका नाग 5 प्रकाश कुमार कौरव 6 अश्वनी शर्मा 7 जितेंद्र खेतान पुलिस इन सभी आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाओं और कथित गिरोह से उनके संबंधों की जांच कर रही है।पुलिस भर्ती देखें

 

जांच के दायरे में आईवीएफ सेंटर की भूमिका एसआईटी की जांच में आईवीएफ सेंटर में आने वाले लोगों की व्यक्तिगत जानकारी कथित रूप से बिचौलियों तक पहुंचाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि संतान की चाह रखने वाले परिवारों का संपर्क नवजातों की कथित खरीद-बिक्री में शामिल लोगों से कराया जाता था या नहीं। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में सक्रिय बिचौलियों, संभावित खरीदारों, निजी अस्पतालों और आईवीएफ सेंटरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस घटनाक्रम ने निजी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के दस्तावेजों के सत्यापन, नाबालिगों की सुरक्षा और बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एसआईटी की आगामी जांच में कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button