राष्ट्रीय खबरें

दिल्ली में 2014 की तरह नहीं चलेगा मोदी का जादू : शीला दीक्षित

दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रही एवं नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रमुख शीला दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इर्द-गिर्द अपने चुनाव प्रचार को रखने की बीजेपी की योजना 2014 जैसा काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले साढ़े चार साल में इस शहर के लिए कुछ नहीं किया है और लोग आगामी चुनाव में अपना गुस्सा जाहिर करेंगे।
शीला (80) ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में अपना खोया हुआ आधार तेजी से वापस पा रही है। उन्होंने लोकसभा चुनावों के लिए ‘आप के साथ किसी चुनावी तालमेल से इनकार करते हुए उसे बहुत ही गैर – भरोसेमंद बताया। उन्होंने पीटीआई/भाषा को दिए एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसे राजनीतिक रूप से अहम राज्यों में हुए चुनावों में कांग्रेस को मिली जीत के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति आदर काफी बढ़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस के लोगों में अब राहुल गांधी के प्रति आदर बढ़ा है। हमने उनमें एक ऐसा नेता पाया है जो उत्तरदायी हैं और आमतौर पर सही फैसले लेते हैं। इसलिए हम आगामी लोकसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। कांग्रेस काफी अच्छा प्रदर्शन करेगी। हालांकि, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने इस सवाल का सीधा उत्तर नहीं दिया कि क्या पार्टी सत्ता में लौटेगी? लेकिन उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत के लोग बीजेपी की करतूतों को लेकर उसे सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा, ”इस वक्त मैं यह नहीं कह पाउंगी कि क्या कांग्रेस सत्ता में लौटेगी। लेकिन तीन राज्यों में हाल में हुए विधानसभा चुनावों में किसी ने भी नहीं सोचा था कि हम वहां जीत जाएंगे। कांग्रेस एक विनम्र पार्टी है। हम दिखावे में यकीन नहीं रखते। अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर हम आश्वस्त हैं। गौरतलब है कि 2014 के आम चुनाव में दिल्ली में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया था जबकि भाजपा ने सभी सातों सीटें अपने नाम कर ली थी। भाजपा ने मोदी को 2014 में अपने चुनाव प्रचार का चेहरा बना कर पेश किया था।
शीला ने कहा , ”इस बार मोदी फैक्टर नहीं चलेगा। उन्होंने दिल्ली के लिए एक भी काम नहीं किया है। लोग (उनके खिलाफ) अपना आक्रोश जाहिर करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। भाजपा मुश्किल में है। उन्होंने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसने नोटबंदी और जीएसटी जैसे कदम उठा कर आम आदमी की मुसीबतें बढ़ा दीं। इसके अलावा धर्म के नाम पर समाज का ध्रुवीकरण किया।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button