बिल्हा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खाद, बिजली, सड़क और पानी को लेकर सरकार के खिलाफ धरना, चक्का जाम की चेतावनी


बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में खाद, बिजली, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। बिल्हा बाजार चौक में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक सियाराम कौशिक और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने धरने में भाग लेकर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं हो रही है। किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि कई गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को लेकर लगातार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही, ग्रामीण सड़कें बदहाल हैं और बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे आमजन और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम जैसे बड़े जनआंदोलन भी किए जाएंगे।
धरना प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार से खाद की सुचारु उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग की। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है या फिर आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होता है।
— ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क

Live Cricket Info