पंडवानी की अमर आवाज हुई खामोश : पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस


रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई का करीब 3:15 बजे रायपुर एम्स में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनकी बहू रेणु देशमुख ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि तीजन बाई की सांसें करीब 3:15 बजे थम गईं।


लंबे समय से चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक, तीजन बाई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

गांव में होगा अंतिम संस्कार
परिवार से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित ग्राम गनियारी में किया जाएगा।
लोक कला जगत को अपूरणीय क्षति
तीजन बाई ने अपनी दमदार प्रस्तुति और अनूठी पंडवानी शैली से देश-दुनिया में छत्तीसगढ़ की लोक कला को नई पहचान दिलाई। उनके निधन से कला एवं सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर है। उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने इसे लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
सीएम ने परिजनों से फोन पर कि थी बात
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की पहचान और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई की तबीयत खराब होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीर चिंता जताई थी। उन्होंने स्वयं उनके परिजनों से फोन पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा हर जरूरी सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा था कि रायपुर एम्स में भर्ती तीजन बाई के उपचार की लगातार निगरानी की जाए। बेहतर चिकित्सकीय देखभाल, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें सर्वोत्तम इलाज मिल सके।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान हैं तीजन बाई
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय पंडवानी गायन शैली से छत्तीसगढ़ की लोक कला को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई है। उनका योगदान केवल कला जगत तक सीमित नहीं है, बल्कि वे प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत पहचान हैं
मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा था कि पूरा प्रदेश उनके जल्द स्वस्थ होकर फिर से मंच पर लौटने की प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया था कि तीजन बाई एक बार फिर अपनी सशक्त प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी।

Live Cricket Info