साइक्लोन मुरासु के असर से छत्तीसगढ़ के मध्य-दक्षिणी हिस्सों में होगी बारिश, 19 जिलों में यलो अलर्ट, 50 किमी रफ्तार से हवाएं चलेंगी

रायपुर- चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ (Cyclone Murasu) का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ तौर पर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के मौसम में आए इस बड़े बदलाव को देखते हुए बड़ा अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद इस चक्रवात का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच गया है, जिससे आने वाले घंटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।
19 जिलों में यलो अलर्ट और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से आज यानी 3 नवंबर को प्रदेश के 19 जिलों और कल 4 नवंबर को 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे लेकर लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आंध्र प्रदेश के बाद छत्तीसगढ़ में असर
बता दें कि ‘अर्नब’ तूफान के गुजरने के कुछ ही दिनों बाद ‘मुरासु’ तूफान आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराया था, जहां हवा की रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई थी। इस तूफान के नमी वाले बादलों का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर समेत प्रमुख शहरों का हाल
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ एक-दो बार हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को भी रायपुर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई थी। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश जगदलपुर में रिकॉर्ड की गई, जहां 22 मिमी बारिश दर्ज हुई। बीते दिन सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया, जिससे हल्की ठंड का अहसास बढ़ गया है।
Live Cricket Info