खेत में लगा था जुए का फड़ : लोरमी पुलिस के हत्थे चढ़े 9 जुआरी, नकद- मोटरसाइकिल समेत 3.39 लाख का माल जब्त

मुंगेली । छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की पुलिस लगातार जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान लोरमी पुलिस ने नवागांव वेंकट स्थित खार में घेराबंदी करते हुए नौ जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए जुआरियों के पास से मोबाइल, मोटरसाइकिल और नगद रूपए जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 3 लाख 39 हजार रूपए बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान को तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत सायबर सेल और थाना लोरमी की संयुक्त टीम ने नवागांव वेंकट के खार में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने 9 जुआरियों को मौके पर जुआ खेलते हुए पकड़ा। इनके कब्जे से 36,500 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश और 06 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 39 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार किए गए जुआरियों के नाम
गिरफ्तार किए गए जुआरियों में मनोज अहिरवार, लवसिंह राजपूत, हेमंत रात्रे , अजय टंडन , लक्ष्मीनारायण कश्यप, मुकेश जायसवाल, सूरज सतनामी, मनीष लोधी और बलराम निषाद शामिल हैं। सभी 9 जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, उप निरीक्षक गणपति राव समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने कहा कि, जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Live Cricket Info