मुंगेली पुलिस की अनूठी पहल: 23 बच्चों को पायलट बनने की प्रेरणा, रायपुर एयरपोर्ट का कराया शैक्षणिक भ्रमण

मुंगेली । पुलिस परिवार के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुंगेली पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए 23 छात्र-छात्राओं को रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे का शैक्षणिक भ्रमण कराया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पायलट सहित रक्षा और नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से परिचित कराना और उन्हें प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के संरक्षण, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पुलिस परिवार कल्याण योजना के तहत आयोजित इस पहल में बच्चों को हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और विमान संचालन की बारीकियों की जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना, थल सेना, नौसेना, तटरक्षक बल, नागरिक उड्डयन और सीआईएसएफ में करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का समन्वय जिला पुलिस मुंगेली ने बीसीएएस रायपुर के सहयोग से किया।
इस दौरान बच्चों को फाइटर पायलट विंग कमांडर विवेक कुमार साहू और भारतीय वायु सेना के अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। अधिकारियों ने छात्रों को पायलट और तकनीकी विशेषज्ञ बनने की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मानदंड और मेडिकल आवश्यकताओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

छात्रों को प्रशिक्षण विमान का अवलोकन भी कराया गया, जहां उन्होंने कॉकपिट के उपकरणों और नियंत्रण प्रणाली को करीब से समझा। यह अनुभव बच्चों के लिए बेहद रोमांचक और प्रेरणादायक रहा, जिससे उनके भीतर देश सेवा के प्रति उत्साह और उड्डयन क्षेत्र में करियर बनाने की नई प्रेरणा जागृत हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिल सकें। यह पहल न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण साबित हुई।
Live Cricket Info

