सन्तोषी की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में डाला..!

रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर पति से हुआ था विवाद
कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 35 वर्षीय संतोषी उरांव का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। महिला के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत होता है किंतु पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट से पहले कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
परिजनों के मुताबिक रक्षाबंधन पर मायके जाने की बात को लेकर संतोषी का विवाद पति मनोज उरांव से हुआ था। आशंका है कि विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसकी मौत होने और शव को घर के सेप्टिक टैंक में छिपाए जाने का संदेह जताया जा रहा है। हालांकि मामले की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
बताया गया कि 5 सितंबर 2026 को संतोषी का भाई उससे मिलने ग्राम बरपाली पहुंचा था। उस समय मनोज ने उसे बताया कि संतोषी रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही घर से कहीं चली गई है। इसके बाद मायके पक्ष और रिश्तेदारों ने महिला की आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
19 सितंबर को रिश्तेदार दोबारा बरपाली पहुंचे, तो घर में ताला लगा मिला और मनोज भी वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर संदेह गहराया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच के दौरान सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया।
घटनास्थल पर तहसीलदार, डॉक्टर और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से महिला का पति मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत कैसे हुई, शव सेप्टिक टैंक में कब और किसने डाला तथा घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इन सवालों के जवाब जानने ग्रामवासी व परिजन आतुर हैं।
Live Cricket Info