सूरजपुर में पुलिस टीम पर हमले का मामला: 15 नामजद समेत 100-150 ग्रामीणों पर FIR आरोपियों की तलाश तेज

सूरजपुर । सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के संबंध में 15 नामजद आरोपियों सहित 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर थाना पुलिस की टीम पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस दल पर लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एसडीओपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जिनका उपचार कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटनास्थल के साक्ष्यों और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है और स्थिति पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
Live Cricket Info