राज्य समाचार

आबकारी विभाग की गाड़ी की टक्कर से एक की मौत, दो घायल : नहर में गाड़ी पलटी

Spread the love

 

मुंगेली। मुंगेली-लोरमी नहर रोड पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। आबकारी विभाग के लिए हायर की गई एक चारपहिया वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अंकित यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

 

लालपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीनों बाइक सवार मुंगेली विकासखंड के बैगाकापा गांव के निवासी थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान मुंगेली-लोरमी रोड पर स्थित एक तिराहे के पास उनकी बाइक आबकारी विभाग की वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में पलटी टीम की गाड़ी

 

पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने दुर्घटना टालने का प्रयास किया, लेकिन अचानक सामने आए बाइक सवारों को बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। इस हादसे में वाहन में सवार आबकारी विभाग की टीम के कुछ सदस्य भी घायल हुए हैं। संबंधित वाहन निजी स्वामित्व की है, जिसे आबकारी विभाग ने विभागीय कार्यों के लिए किराये पर लिया था। घटना के समय आबकारी टीम क्षेत्रीय दौरे पर निकली हुई थी।

अंकित यादव की मौत, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों का उपचार शुरू किया, लेकिन अंकित यादव की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बैगाकापा गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

 

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है तथा वाहन चालक सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और सरकारी विभागों द्वारा उपयोग किए जा रहे वाहनों की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपा जाएगा l

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button