अपराधराजनीतीराज्य समाचाररोचक तथ्य

कोरबा : 18 मार्च की घटना, 5 दिन बाद शिकायत — खाकी को बदनाम करने की साजिश या पुराने केस में दबाव की चाल ?

टाइमिंग पर खड़े हुए बड़े सवाल, पुलिस बोली – सच्चाई जांच में आएगी सामने

कोरबा। जिले में कथित पुलिस मारपीट का मामला सामने आने के बाद जहां एक ओर आरोपों ने सुर्खियां बटोरी हैं, वहीं दूसरी ओर शिकायत दर्ज कराने में हुई देरी ने पूरे घटनाक्रम को संदेह के घेरे में ला खड़ा किया है। घटना 18 मार्च की बताई जा रही है, जबकि शिकायत 5 दिन बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी गई। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इतनी गंभीर घटना के बावजूद तत्काल शिकायत क्यों नहीं की गई ? क्या यह खाकी की छवि धूमिल करने की सुनियोजित साजिश है या फिर पुराने मामले में दबाव बनाने की रणनीति ?

थाने पहुंचा था पुराने केस की जानकारी लेने

जानकारी के अनुसार, धनुवारपारा (रानी रोड) निवासी राजेश मतवानी 18 मार्च को कोतवाली थाना पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे अपने पिता की वर्ष 2022 की सड़क दुर्घटना से जुड़े मामले में कार्रवाई की जानकारी लेने आए थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे उनके घायल होने की बात सामने आई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

5 दिन की देरी ने खड़े किए कई सवाल

मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शिकायत दर्ज कराने में हुई 5 दिन की देरी है। यदि आरोपों के अनुसार घटना इतनी गंभीर थी, तो तत्काल रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं कराई गई ? जानकारों का कहना है कि इस तरह की देरी अक्सर मामलों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती है और पूरे घटनाक्रम की मंशा पर भी संदेह उत्पन्न करती है।

क्या पुराने केस को प्रभावित करने की कोशिश ?

सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला वर्ष 2022 के सड़क दुर्घटना प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसमें पहले से ही कार्रवाई प्रक्रिया जारी है। ऐसे में यह भी चर्चा है कि कहीं इस तरह के गंभीर आरोप लगाकर पुलिस पर दबाव बनाने या पुराने मामले की दिशा प्रभावित करने की कोशिश तो नहीं की जा रही।

पुलिस का स्पष्ट संदेश : दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं यदि आरोप बेबुनियाद साबित होते हैं तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया ट्रायल से बचने की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह के निष्कर्ष पर न पहुंचे। अपुष्ट जानकारी या एकतरफा आरोपों को वायरल करना न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनता है, बल्कि इससे जांच प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

आरोप बनाम सवाल, अब जांच ही तय करेगी सच्चाई

फिलहाल मामला आरोप और संदेह के बीच उलझा हुआ है। एक ओर गंभीर मारपीट के आरोप हैं, तो दूसरी ओर शिकायत की टाइमिंग और पृष्ठभूमि कई सवाल खड़े कर रही है। ऐसे में अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला वास्तविक है या किसी रणनीति का हिस्सा।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button