राज्य समाचार

कबीरधाम को मिला पहला साइबर थाना, विजय शर्मा ने किया शुभारंभ

Spread the love

डिजिटल अपराधों पर सख्त नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम

 

कवर्धा । जिला कबीरधाम में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना एवं डिजिटल सुरक्षा को सुदृढ़ करने उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने रविवार को पुराना पुलिस लाइन में साइबर थाना का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन सेवाओं और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी से आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

ऐसे में साइबर थाना की स्थापना समय की मांग है, जिससे साइबर अपराधों पर त्वरित और प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों में प्रारंभिक समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। साइबर थाना के माध्यम से शिकायतों का तत्काल पंजीकरण, ऑनलाइन फ्रॉड की राशि को समय रहते होल्ड करना, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन तथा आरोपियों तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

 

यह थाना आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और डिजिटल सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि यह साइबर थाना जिले का प्रथम साइबर थाना है, जिसकी स्थापना विशेष रूप से साइबर अपराधों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए की गई है।

उन्होंने बताया कि साइबर थाना में एक निरीक्षक प्रभारी सहित कुल 30 प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। थाना के समुचित पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन हेतु उप पुलिस अधीक्षक स्तर के एक राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे कार्यवाही की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके।

 

पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद कबीरधाम पुलिस द्वारा अब तक साइबर तकनीक के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। जिले में ऑनलाइन साइबर ठगी के 112 मामलों में लगभग 50 लाख रुपये की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई है।

साथ ही CEIR पोर्टल एवं अन्य तकनीकी साधनों की सहायता से अब तक 872 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि हत्या, लूट एवं अन्य गंभीर अपराधों की विवेचना में कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रैकिंग एवं डिजिटल साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग कर आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई गई, जिससे मामलों का सफल खुलासा संभव हुआ। महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों में विशेष संवेदनशीलता एवं तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई की गई है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी आशीष शुक्ला, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। साइबर थाना के प्रारंभ होने से जिले में साइबर अपराधों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, प्रभावी विवेचना, डिजिटल साक्ष्य संकलन की गुणवत्ता में सुधार तथा महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में शीघ्र संज्ञान संभव हो सकेगा। यह पहल सुरक्षित, भरोसेमंद एवं तकनीक-सक्षम डिजिटल कबीरधाम के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम सिद्ध होगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button