राज्य समाचार

नशे में कर दी पिता की हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार…

बगीचा। जशपुर जिले के थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम कुररोग में 70 वर्षीय पिता ठाकुर राम की फावड़ा से हत्या करने का आरोपी संजय नागवंशी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस घटना की वजह आरोपी का नशे में होना बताया गया है।

13 जुलाई को प्रार्थी फागुना राम (35) ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिन में लगभग 1:30 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले बड़े पिता ठाकुर राम के आंगन में लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तो देखा कि ठाकुर राम आंगन में चित पड़े थे और उनके सिर से खून निकल रहा था। गाँव का एक व्यक्ति उन्हें पानी पिलाने की कोशिश कर रहा था।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

फागुना राम ने अपने भाई संजय नागवंशी से पूछा कि क्या हुआ, तब संजय ने नशे की हालत में अपने कमरे से निकलकर बताया कि उसने अपने पिता को फावड़ा से मारा है और फावड़ा दिखाकर कहा कि वह जा रहा है। संजय फिर अपने कमरे में सोने चला गया। ठाकुर राम के सिर, बाईं आंख और कान के पास चोट लगने से उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना बगीचा के स्टाफ ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय नागवंशी को उसके निवास से हिरासत में लेकर थाना लाया। पूछताछ में संजय ने बताया कि वह सुबह से ही शराब के नशे में था और जब उसके पिता ने खेत में हल चलाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और संजय ने आवेश में आकर फावड़ा से अपने पिता के सिर, कान और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। घटना में प्रयुक्त फावड़ा को जप्त कर लिया गया है।

आरोपी संजय नागवंशी (39) के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे 13 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रतिक्रिया
प्रकरण की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, स.उ.नि. राजनाथ भगत, स.उ.नि. बैजंती किंडो, प्र.आर. पुन्नी यादव, आर. 346 जितेंद्र भगत, आर. 728 सुनील मिंज और आर. 557 रामवृक्ष पैंकरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

पुलिस अधीक्षक का बयान
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में बढ़ती हत्या की वारदातों के पीछे नशे का बड़ा हाथ है। जिला जशपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध सामाजिक रूप से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button