राज्य समाचार

भंवरमाल धान खरीदी केंद्र में 77 लाख रुपए का धान गायब

रामानुजगंज । जिले की समितियों में बोगस धान खरीदी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पुलिस ने पुनः भंवरमाल धान खरीदी केंद्र में 77 लाख रुपए से अधिक के धान खरीदी में की गई अनियमितता के मामले में खरीदी प्रभारी समेत 11 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ ही मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक मंडल का नेता भी शामिल है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

पुलिस शेष 7 आरोपियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित भंवरमाल के धान उपार्जन केंद्र भंवरमाल में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में कुल 75409.66 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी।

धान के उठाव के दौरान डीएमओ बलरामपुर द्वारा डीओ काटा गया तो समिति में करीब 2300 क्विंटल धान नहीं मिला। इसकी शिकायत कलेक्टर बलरामपुर से की गई। शिकायत पर सहायक आयुक्त कार्यालय, पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा मामले की जांच कराई गई तो केंद्र में 2316 क्विंटल धान एवं 22158 नग बारदाना कम पाया गया। ऐसे में अंकेक्षण अधिकारी बी तिर्की द्वारा समिति में धान खरीदी की जांच की गई।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि समिति में कुल 75409.66 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसमें से खरीदी प्रभारी राजू गुप्ता व लालजी गुप्ता द्वारा 23331.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई और 23331.60 क्विंटल धान का उठाव किया गया। इसके बाद खरीदी प्रभारी विक्रम गुप्ता आ. संजीवन गुप्ता द्वारा 52078 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसमें से 49761.92 क्विंटल ही धान का उठाव किया गया और शेष धान समिति में गायब था।

जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि समिति में फर्जी किसानों का रकबा दर्ज कर बोगस धान की खरीदी की गई और शासन के राशि की हेराफेरी की गई। जांच के दौरान समिति में कुल 2316.08 क्विंटल धान कम मिला जिसकी कीमत 71 लाख 79 हजार 848 रुपए है जबकि 22158 बारदाना भी कम पाया गया जिसकी कीमत 5 लाख 53 हजार 950 रुपए है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

धान खरीदी के दौरान 77 लाख रुपए से अधिक का गबन करने के मामले में पुलिस ने खरीदी केंद्र प्रभारी भंवरमाल निवासी विक्रम गुप्ता आ. संजीवन गुप्ता, सोमारू एक्का आ. बाबूलाल एक्का, धनपुरी निवासी विजय सिंह आ. गंझू सिंह, नगरा निवासी जितेंद्र कुशवाहा आ.रामस्वरूप कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से विक्रम गुप्ता भाजयुमों का नेता है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है जबकि मामले में शेष 7 आरोपियों की तलाश जारी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button