राष्ट्रीय खबरें

भोजपुरी स्टार निरहुआ को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी

भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ को शासन की ओर से वाई श्रेणी सुरक्षा दे दी गई है। इस संबंध में आजमगढ़ पुलिस के पास शासन का निर्देश आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। निरहुआ अभी बनारस में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दरोगा समेत 16 पुलिसकर्मियों की टीम निरहुआ की सुरक्षा के लिए रवाना कर दी गई है।बीते सप्ताह भोजपुरी स्टार निरहुआ को लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने पार्टी ज्वाइन कराई थी।
उसके बाद से ही यह कयास लगने लगे कि निरहुआ आजमगढ़ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी होंगे। सोशल मीडिया पर भी निरहुआ के आजमगढ़ से चुनावी मैदान में उतरने की खूब चर्चा छायी हुई है। सूत्रों की माने तो बीते 29 मार्च को निरहुआ की ओर से सुरक्षा के लिए एक आवेदन लखनऊ में दिया गया। साथ में उसकी एक प्रति आजमगढ़ के जिलाधिकारी को भी दी गई थी। मंगलवार को शासन की ओर से निरहुआ को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का आदेश मिलते ही आजमगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी ने वाई श्रेणी सुरक्षा के लिए एक दल बनाते हुए तत्काल सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। पुलिस ने सुरक्षा संबंधित जानकारी भी निरहुआ को दे दी है। निरहुआ के आजमगढ़ में प्रतिनिधि संतोष श्रीवास्तव के मुताबिक निरहुआ अभी बनारस में भोजपुरी फिल्म ‘ठीक है ‘ की शूटिंग में व्यस्त हैं। सुरक्षा से संबंधित सूचना मिली है।
एसपी आजमगढ़ त्रिवेणी सिंह के अनुसार, इंटेलिजेंस के आधार पर शासन से निर्देश मिले हैं कि भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। लिहाजा सुरक्षा दल को रवाना कर दिया गया है।
दो दिन पहले निरहुआ ने ट्वीट किया है कि ‘मेरा आप सभी से निवेदन है कि जाति धर्म, के नाम पर उस पार्टी का साथ न दें जिसके लिए देश से बड़ा अपना परिवार हो। सभी लोग जाति धर्म से ऊपर उठकर नरेंद्र मोदी जी का साथ दीजिए।’ यह ट्वीट उन्होने ‘मै कमल खिलाने आया हूं ‘ के हैश टैग के साथ पोस्ट किया है। इस ट्वीट के बाद इन कयासों को बल मिल रहा है कि आजमगढ़ सीट से निरहुआ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button