राज्य समाचार

निर्वाचन कार्य के दौरान मृत और घायलों के आश्रितों को 3 करोड़ 10 लाख

Spread the love

रायपुर। विधानसभा चुनाव में निर्वाचन ड्यूटी के दौरान मृत और घायल कर्मचारियों के आश्रितों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने अब तक कुल 3 करोड़ दस लाख रूपए अनुग्रह राशि जारी की है। इसमें से 60 लाख रूपए पूर्व में ही जारी किए जा चुके हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि प्रदेश में दो चरणों में हुए मतदान के दौरान नक्सली घटना में शहीद जवानों , दूरदर्शन के कैमरामैन, तथा आम नागरिकों के आश्रितों को आयोग की तरफ से 20 लाख रूपए तथा घायलों को दस-दस लाख रूपए दिए जा रहे हैं। आज जारी आदेश में उन्होंने बताया कि अब तक 18 प्रकरणों में राशि जारी कर दी गई है तथा इसे जल्द ही आश्रितों को दिए जाने के निर्देश संबंधित जिला कलेक्टरों को दिए गए हैं। साहू ने बताया कि अनुग्रह राशि के कुछ ही मामले शेष हैं जिनका निपटरा जल्द करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही यह अनुग्रह राशि शासन द्वारा दी जाने वाली अन्य सहायता से पृथक है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार आज 13 प्रकरणों में राशि जारी की गई वहीं 5 मामलों में पहले ही राशि जारी कर दी गई है। 27 अक्टूबर को बीजापुर में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों मीर मतीउर रहमान , ब्रजमोहन बेहरा, चट्टी प्रवीण , गुल्ली पल्ली श्रिनु तथा 30 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में शहीद उपनिरीक्षक रूद्रप्रताप सिंह , मंगलु मंडावी , राकेश कुमार कौशल समेत घटना में मृत दिल्ली दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू, दंतेवाड़ा में 8 नवंबर को नक्सली हमले में मृत बस के ड्राइवर नंदलाल पाटकर, सुशील कुमार बंजारे , बस के हेल्पर रोशन कुमार साहू तथा जोहन नायक के आश्रित परिजन को 20 – 20 लाख रूपए तथा इसी घटना में घायल जवान विष्णु राम नेताम को 10 लाख रूपए की अनुग्रह राशि निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कर दिए गए हैं। सीईओ ने संबंधित कलेक्टरों को अनुग्रह राशि जल्द आश्रितों को दिए जाने का निर्देश दिया है।
साहू ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कर्तव्यों का निर्वहन के दौरान किसी भी अधिकारी- कर्मचारी तथा सुरक्षा जवान की मौत या दुर्घटना में घायल होने की स्थिति में अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है। निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के दौरान नक्सली घटना समेत अन्य दुर्घटना एवं स्वाभाविक मौत में भी अनुग्रह राशि प्रदान की जाती है।

Live Cricket Info

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button