राज्य समाचार

पर्यटन सूचना केन्द्र बंद, बिना अनुमति विदेश यात्रा, अफसर की रिकवरी निकली

Spread the love

रायपुर। राज्य पर्यटन बोर्ड ने दिल्ली को छोडक़र अन्य राज्यों में चल रहे पर्यटन सूचना केन्द्रों को बंद कर दिया है। बताया गया कि इन सूचना केन्द्रों के लिए बजट उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण बंद करने का फैसला लिया गया। पर्यटन सरकार ने अन्य राज्यों में चल रहे पर्यटन सूचना केन्द्रों को बंद करने का नीतिगत निर्णय लिया है। ये केन्द्र अब बंद हो चुके हैं।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के लिए दिल्ली के साथ-साथ अहमदाबाद, नागपुर, भोपाल और एक-दो अन्य जगहों पर पर्यटन केन्द्र खोले गए थे। ये पर्यटन केन्द्र पिछले कई साल से चल रहे थे। सूत्रों के मुताबिक ये केन्द्र इन शहरों के पॉश इलाकों में खोले गए थे। यहां आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारियों की भर्ती की गई थी। इन केन्द्रों में सूचना केन्द्र के लिए किराया और कर्मचारियों के वेतन-भत्ते पर लाखों खर्च हो रहे थे।
बताया गया कि पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पर्यटन बोर्ड के कामकाज की समीक्षा की और यह तथ्य सामने आया कि कर्मचारियों के वेतन के अलावा सूचना केन्द्रों का किराए के लिए भी राशि नहीं मिल पा रही है। इस सिलसिले में बजट में पहले ही कटौती हो गई थी। इन सबको देखते हुए दिल्ली को छोडक़र बाकी प्रदेशों में चल रहे पर्यटन सूचना केन्द्रों को बंद किया गया है। हालांकि राज्य के अलग-अलग शहरों में पर्यटन सूचना केन्द्र संचालित हैं, इन्हें यथावत रखा गया है। जिन शहरों में पर्यटन सूचना केन्द्र चल रहे हैं, उनमें रायपुर रेल्वे स्टेशन-एयरपोर्ट है। इसके अलावा बिलासपुर, सिरपुर, डोंगरगढ़, दुर्ग, जगदलपुर, धमतरी, चंपारण और अंबिकापुर में भी केन्द्र चल रहे हैं।
पर्यटन बोर्ड के जीएम संजय सिंह के खिलाफ बिना अनुमति विदेश यात्रा के मामले पर सरकार ने 18 लाख की रिकवरी निकाली है। उनके वेतन से कटौती शुरू हो गई है। हालांकि संजय सिंह ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल पाई।
संजय सिंह सीएम डॉ. रमन सिंह के करीबी रहे हैं। संजय सिंह के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें भी हुई थी, लेकिन उनका बाल बांका नहीं हुआ। सरकार बदलने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। इसके बाद रिकवरी के आदेश जारी किए गए। संजय सिंह ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में भी अपील की, कोर्ट ने नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

Live Cricket Info

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button