ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क की खबरों का बड़ा असर कुसमुंडा पेट्रोल पंप मामले में अब PESO मुख्यालय की एंट्री। जमीन SECL की, सौदा किस अधिकार से?

देवजानी मजुमदार–तीवरता ग्रुप के कथित ₹2.5 करोड़ के सौदे पर दस्तावेजी जवाब की मांग। नागपुर मुख्यालय ने अब्दुल सुल्तान का पत्र कार्रवाई के लिए रायपुर भेजा। SECL के दूसरे नोटिस के बाद क्या फैसला हुआ?
कुसमुंडा–कोरबा | ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क एक तरफ SECL की निरीक्षण रिपोर्ट में लीज खत्म होने की बात। दूसरी तरफ पेट्रोल पंप के कथित ₹2.5 करोड़ के सौदे का दावा। और उसी परिसर पर बेदखली का दूसरा नोटिस। कुसमुंडा के वैशाली नगर मुख्य मार्ग स्थित मेसर्स कोरबा सर्विस स्टेशन पर ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क ने लगातार सवाल उठाया है कि अगर सौदा हुआ, तो बेचा क्या गया और बेचने का अधिकार किस दस्तावेज से मिला? अब इस प्रकरण में भारत सरकार के पेट्रोलियम तथा विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के नागपुर मुख्यालय का ज्ञापन सामने आया है।
नागपुर का ज्ञापन सामने, अब रायपुर बताए कि फाइल पर क्या हुआ
PESO मुख्यालय ने 28 सितंबर 2026 के ज्ञापन क्रमांक G.40(Misc)/CG/P/2020 के जरिए ग्राम यात्रा के संपादक और भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव अब्दुल सुल्तान का 3 सितंबर 2026 का पत्र, संलग्नकों सहित, उप मुख्य विस्फोटक नियंत्रक, रायपुर को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा। ज्ञापन में पंप का नाम दर्ज नहीं है। सुल्तान ने इसे कुसमुंडा पेट्रोल पंप प्रकरण में दिए अपने पत्र से संबंधित बताया है। इसी मामले में ग्राम यात्रा पहले PESO रायपुर कार्यालय का 12 अक्टूबर 2026 का अलग पत्र प्रकाशित कर चुका है। उसमें कोरबा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी से शिकायत पर उचित कार्रवाई कर PESO को सूचित करने को कहा गया था। अब दोनों कार्यालय तारीख और दस्तावेज के साथ बताएं कि शिकायत पर कौन-से अभिलेख मंगाए गए, किसने उनका परीक्षण किया और क्या पाया गया।
₹2.5 करोड़ के कथित सौदे में खरीदा क्या गया?
ग्राम यात्रा की पूर्व पड़ताल में देवजानी मजुमदार से जुड़े पेट्रोल पंप का तीवरता ग्रुप को कथित हस्तांतरण और 99 साल की लीज के दावे की जांच का सवाल उठा था। अगर सौदा हुआ तो करार सामने रखिए। उसमें मशीनें और कारोबार शामिल थे, डीलरशिप में कोई हिस्सेदारी थी या SECL की जमीन के उपयोग का अधिकार भी सौदे में दिखाया गया? अगर 99 साल की लीज का दावा है, तो मूल दस्तावेज, जारी करने वाले प्राधिकारी का नाम और स्वीकृति क्रमांक बताइए। उपलब्ध पत्रों से कथित सौदे, उसकी रकम या तीवरता ग्रुप की खरीदार के रूप में पुष्टि नहीं होती।
SECL के दो नोटिस सामने हैं। सुनवाई के बाद का आदेश कहां है?
13 अक्टूबर 2026 की निरीक्षण रिपोर्ट में पंप संचालित मिलने और लीज की अवधि समाप्त होने का उल्लेख है। उसी तारीख को SECL के संपदा अधिकारी ने नोटिस क्रमांक 708 जारी किया। फिर 22 अक्टूबर को दूसरा नोटिस, क्रमांक 741, जारी कर पूछा गया कि परिसर से बेदखली का आदेश क्यों न दिया जाए। दूसरे नोटिस में 28 अक्टूबर को पक्ष और प्रमाण पेश करने का अवसर दिया गया था। SECL बताए कि सुनवाई हुई या नहीं, जमीन के इस्तेमाल का कौन-सा प्रमाण पेश हुआ और उसके बाद क्या आदेश पारित हुआ। उपलब्ध दस्तावेजों में अंतिम बेदखली आदेश की प्रति शामिल नहीं है।
ग्राम यात्रा के सीधे सवाल
– SECL से — लीज समाप्त होने की बात आपकी निरीक्षण रिपोर्ट में है। उसके बाद परिसर के इस्तेमाल के समर्थन में कौन-सा दस्तावेज पेश किया गया?
– इंडियन ऑयल से — आपके रिकॉर्ड में अधिकृत डीलर कौन है? डीलरशिप में बदलाव या पुनर्गठन हुआ तो किस आदेश से?
– PESO और कोरबा जिला प्रशासन से — पेट्रोलियम लाइसेंस और जिला अनापत्ति प्रमाणपत्र किसके नाम हैं? शिकायत मिलने के बाद जमीन के दस्तावेजों से उनका मिलान हुआ या नहीं?
– देवजानी मजुमदार और तीवरता ग्रुप से — कथित खरीद-फरोख्त और ₹2.5 करोड़ की रकम पर आपका पक्ष क्या है? कोई समझौता हुआ है तो उसमें किस अधिकार के हस्तांतरण की बात है?
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क की मांग है कि SECL की जमीन, इंडियन ऑयल की डीलरशिप और PESO के लाइसेंस के रिकॉर्ड एक साथ परखे जाएं। तीनों में दर्ज नाम, अधिकार और अनुमति की तारीखें सामने रखी जाएं। तभी पता चलेगा कि कुसमुंडा के इस पंप का संचालन किसके अधिकार पर टिका है और कथित सौदे में आखिर क्या बेचा गया।
अब्दुल सुल्तान | संपादक
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क
हमेशा सच के साथ…!
Live Cricket Info
