चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने बढ़ाई किसानों की चिंता, बारिश में भीग रही खेतों में कटी धान की फसल

कोरबा। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से कोरबा जिले में हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार तड़के से शुरू हुई बारिश शाम तक तेज झड़ी में तब्दील हो गई। लगातार बारिश और खेतों में बढ़ती नमी के कारण पककर तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल बारिश में भीग रही है, वहीं खड़ी फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इससे न केवल धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, बल्कि मिंजाई और समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी की रफ्तार भी धीमी पड़ने के आसार हैं।
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हो रही बारिश के बीच खेतों में फसलों की स्थिति का जायजा लेने हमारी टीम करतला विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची। इस दौरान सलिहाभांठा, बंधवाभांठा, बरपाली, पकरिया, सरगबुंदिया, सराईडीह, तुमान, चिकनीपाली, लबेद, सुपातराई, मड़वारानी, पुरेना, जर्वे और कोथारी सहित आसपास के गांवों में किसानों की परेशानी साफ नजर आई। कई खेतों में धान की कटी हुई फसल बारिश में भीगती मिली, जबकि अनेक खेतों में धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी है।
सबसे अधिक नुकसान खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल यानी करपा को होने की आशंका है। किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई उपज को सुरक्षित खलिहानों तक पहुंचाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं। लगातार बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से फसल को सुखाना भी मुश्किल हो गया है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो धान के दानों का रंग और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव अपेक्षाकृत कमजोर रहने से धान की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा था। ऐसे में किसान ‘अकवान’ के प्रभाव को लेकर भी बहुत अधिक चिंतित नहीं थे, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में तैयार खड़ी और कटी हुई फसल को देखकर किसान मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान 1 लाख 33 हजार 742 किसानों ने लगभग 90 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि में धान की फसल ली है। इनमें से 54 हजार 475 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। ऐसे में मौसम की मौजूदा स्थिति का असर जिले के हजारों किसानों पर पड़ सकता है।
कृषि विभाग के सहायक संचालक डीपीएस कंवर के अनुसार, लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल पर पड़ने की आशंका है। खेतों में खड़ी फसल की गुणवत्ता भी आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है। फसल में नमी रहने के कारण किसान तत्काल थ्रेसर से मिंजाई नहीं कर पाएंगे। धान को पर्याप्त रूप से सुखाने के बाद ही मिंजाई संभव होगी। इसके बाद ही किसान उपज को बिक्री के लिए उपार्जन केंद्रों तक पहुंचा सकेंगे। इस तरह बारिश का असर धान की कटाई, मिंजाई और खरीदी की पूरी प्रक्रिया पर पड़ सकता है।
हालांकि राहत की बात यह है कि जिले के 73 धान उपार्जन केंद्रों में अब तक समर्थन मूल्य पर केवल 7 हजार 136 क्विंटल धान की आवक हुई है। जिले के 27 उपार्जन केंद्रों में अभी धान खरीदी की शुरुआत भी नहीं हुई है। शुरुआती पांच दिनों में हुई खरीदी की मात्रा समितियों की व्यवस्थाओं के नियंत्रण में है। फिलहाल किसी भी उपार्जन केंद्र से धान के भीगने की सूचना नहीं मिली है। लेकिन यदि चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बारिश जारी रहती है तो आने वाले दिनों में धान खरीदी की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को अब मौसम साफ होने और अपनी मेहनत की उपज को सुरक्षित बचाने की चिंता सता रही है।
Live Cricket Info


