स्वच्छता, वृक्षारोपण, विकास और मेधावी सम्मान के साथ भाजपा मध्य मंडल ने मनाया जनसंपर्क एवं विकास उत्सव

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी मध्य मंडल द्वारा नगर पालिका निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक 05 एवं अन्य स्थानों पर रविवार को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास कार्यों के शुभारंभ तथा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान जैसे विविध जनहितैषी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का नेतृत्व बिलासपुर के लोकप्रिय पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अमर अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः वाल्मीकि चौक, शनिचरी बाजार में स्वच्छता अभियान से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता का संदेश देते हुए नागरिकों को स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागार परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इसके बाद जोन क्रमांक 05 के विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विधायक ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है और युवा पीढ़ी देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम में शहर की प्रथम नागरिक पूजा अशोक विधानी ने भी उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया तथा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और विकसित बिलासपुर के निर्माण में जनसहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
विधायक अमर अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के आत्मविश्वास, विकास और सुशासन का प्रतीक रहा है।
कार्यक्रम के समापन के बाद विधायक द्वारा मध्य मंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली नागरिकों से उनके निवास स्थान पर भेंट कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। इसके पश्चात “विकास पथ यात्रा” के अंतर्गत गांधी चौक स्थित स्टेडियम का भ्रमण भी किया गया।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, सभापति विनोद सोनी, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाठक, पूर्व महापौर किशोर राय, एमआईसी सदस्य बंधु मौर्य, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रोत्साहन और विकास के प्रति जनजागरण का संदेश देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया।
Live Cricket Info

