अपराधराजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

बालको में ‘टूल डाउन’ का तूफान, 8 घंटे काम की मांग या अंदरूनी सियासी खेल, एल एंड टी ठेका श्रमिकों की हड़ताल ने खोले कई राज, स्मेल्टर विस्तार परियोजना पर पड़ा असर, बिना चेहरे के आंदोलन के पीछे ‘मास्टरमाइंड’ की चर्चा तेज, रात में समझौते की सुगबुगाहट

कोरबा। बालको के औद्योगिक परिसर में आज उस वक्त अचानक हलचल और तनाव का माहौल बन गया जब एल एंड टी (L&T) ठेका कंपनी से जुड़े सैकड़ों श्रमिकों ने एकजुट होकर ‘टूल डाउन’ हड़ताल शुरू कर दी। सुबह की शिफ्ट के साथ ही काम पूरी तरह ठप हो गया और प्लांट के भीतर ही श्रमिकों ने प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अचानक हुए घटनाक्रम ने न केवल बालको प्लांट के शोर को प्रभावित किया बल्कि प्रबंधन और प्रशासन दोनों को सकते में डाल दिया।

हड़ताल की मुख्य वजह 8 घंटे की कार्यशैली लागू करने की मांग बताई जा रही है, लेकिन जिस तरीके से यह पूरा आंदोलन खड़ा हुआ और जिस तरह इसकी टाइमिंग तय की गई, उसने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो यह केवल श्रमिकों का आंदोलन नहीं बल्कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत रचा गया पूरा खेल है, जिसमें अंदरूनी खींचतान और सियासी दबाव की गंध साफ महसूस की जा रही है।

प्लांट के भीतर गूंजे नारे विस्तार परियोजना पूरी तरह प्रभावित

सुबह जैसे ही श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे, उन्होंने काम शुरू करने के बजाय अचानक औजार रख दिए और प्लांट के भीतर ही समूह बनाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। “8 घंटे काम लागू करो” “श्रम कानून का पालन करो” जैसे नारे पूरे परिसर में गूंजते रहे। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में श्रमिक एकत्रित हो गए और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।

इस हड़ताल का सीधा असर विशेष रूप से स्मेल्टर विस्तार परियोजना, जो इस समय बालको की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजना मानी जा रही है, उसकी गति पर गंभीर असर देखने को मिला।

स्मेल्टर विस्तार परियोजना बनी निशाना

जानकारी के अनुसार, यह हड़ताल एल एंड टी ठेका कंपनी के उन श्रमिकों द्वारा की गई है, जो बालको की स्मेल्टर विस्तार परियोजना में कार्यरत हैं। यह परियोजना न केवल कंपनी के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

बताया जाता है कि इस परियोजना की मॉनिटरिंग मुंबई से लेकर लंदन तक के कॉर्पोरेट स्तर पर की जाती है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट में आई अचानक रुकावट ने उच्च प्रबंधन की चिंता भी बढ़ा दी है।

8 घंटे काम की मांग असली मुद्दा या सिर्फ बहाना

श्रमिकों का कहना है कि उनसे निर्धारित समय से अधिक काम लिया जा रहा है और 8 घंटे की शिफ्ट लागू नहीं की जा रही है, जो कि श्रम कानूनों का उल्लंघन है। इस मांग को लेकर श्रमिक लंबे समय से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं।

हालांकि, जिस अचानक तरीके से हड़ताल शुरू हुई और जिस स्तर पर यह एक साथ भड़की, उसने इस मांग की वास्तविकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ जानकारों का मानना है कि यह मुद्दा केवल एक माध्यम है, जबकि असली खेल इसके पीछे कहीं और चल रहा है।

अडानी प्रकरण से जुड़ता दिखा कनेक्शन

कुछ दिनों पहले अडानी समूह से जुड़े एक प्रोजेक्ट में भी इसी तरह के कथित नए श्रम कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ था। अब बालको में उसी तरह की रणनीति दोहराई जाती दिख रही है।

सूत्रों का कहना है कि एक ही पैटर्न पर आंदोलन खड़ा करना और बड़े प्रोजेक्ट्स को टारगेट करना इस पूरे खेल का हिस्सा हो सकता है, जिससे कंपनियों पर दबाव बनाया जा सके।

‘मास्टरमाइंड’ की चर्चा अधिकारी को बदनाम करने की साजिश

सूत्रों के मुताबिक, बालको के सीईओ राजेश कुमार की नजर में यह पूरा घटनाक्रम एक साजिश का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि कंपनी के ही एक वरिष्ठ अधिकारी को बदनाम करने के उद्देश्य से इस हड़ताल की पटकथा तैयार की गई है।

हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े आंदोलन के बावजूद सामने कोई स्पष्ट नेतृत्व नहीं दिख रहा है। न तो कोई आधिकारिक यूनियन लीडर सामने आया है और न ही किसी ने खुले तौर पर इस आंदोलन की जिम्मेदारी ली है।

पर्दे के पीछे सक्रिय जयप्रकाश गुट और इंटक की भूमिका

सूत्रों की मानें तो इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जयप्रकाश गुट से जुड़े इंटक INTUC के कुछ लोग सक्रिय हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर इस आंदोलन को दिशा दे रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि इन लोगों ने ही श्रमिकों को एकजुट कर अचानक हड़ताल की रणनीति तैयार की।

पिछले कुछ समय से बालको में जयप्रकाश और संजय सिंह गुट की सक्रियता तेजी से बढ़ी है। दोनों की जुगलबंदी अब सेटिंग के खेल को वापस से सामने आने लगी है, और इसी का असर अब औद्योगिक गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है।

दबाव की राजनीति प्रोजेक्ट को ‘डिस्टर्ब’ करने की रणनीति

विशेषज्ञों का मानना है कि यह हड़ताल पूरी तरह से योजनाबद्ध थी और इसका उद्देश्य केवल श्रमिकों की मांग मनवाना नहीं बल्कि प्रबंधन पर दबाव बनाना था। स्मेल्टर विस्तार परियोजना को निशाना बनाकर इस आंदोलन को खड़ा किया गया, ताकि कंपनी के सबसे अहम प्रोजेक्ट को प्रभावित कर अधिकतम दबाव बनाया जा सके।

पूरे दिन चले इस प्रदर्शन के दौरान स्थिति को किसी निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंचने दिया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि आंदोलन को नियंत्रित तरीके से चलाया गया।

रात में समझौते की सुगबुगाहट कल खत्म हो सकती है हड़ताल

सूत्रों के अनुसार, देर रात एक अंदरूनी समझौते की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ वरिष्ठ स्तर पर बातचीत जारी है और यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो सुबह तक हड़ताल खत्म कराई जा सकती है।

हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जो ‘नापाक इरादे’ बताए जा रहे हैं, वे कितने सफल होंगे इसका फैसला आज रात ही तय करेगा।

कंपनी संवाद प्रमुख की चुप्पी कई सवाल खड़े

अब तक न ही ठेका कंपनी न ही बालको प्रबंधन की ओर कंपनी संवाद प्रमुख का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या श्रमिकों की मांग वास्तव में जायज है ? क्या यह आंदोलन किसी साजिश का हिस्सा है, और क्या बालको के भीतर चल रही आंतरिक राजनीति अब उत्पादन और विकास कार्यों पर हावी हो रही है ?

आंदोलन या सियासी चक्रव्यूह

बालको में हुई यह हड़ताल केवल एक सामान्य औद्योगिक विवाद नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई स्तरों पर चल रही खींचतान और रणनीतियां छिपी हुई हैं। श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं के साथ-साथ यूनियन की राजनीति, ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली और आंतरिक सत्ता संघर्ष ने इस पूरे मामले को जटिल बना दिया है।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि यह मामला शांतिपूर्वक सुलझता है या आने वाले दिनों में बालको के भीतर यह सियासी चक्रव्यूह और भी गहराता जाएगा।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button