कोरबा में 28 मार्च से दिव्य श्री हनुमंत कथा, तैयारी बैठक में बनी रूपरेखा — सफाईकर्मी होंगे मुख्य यजमान

कोरबा । अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक एवं संत श्री धीरेन्द्र शास्त्री जी के सान्निध्य में कोरबा में आयोजित होने जा रही दिव्य श्री हनुमंत कथा की तैयारियों को लेकर बुधवार को जश्न रिसॉर्ट में शाम 4 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और सहयोग व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समाजसेवी राणा मुखर्जी ने बताया कि इस आयोजन के आध्यात्मिक आयोजक स्वयं बजरंग बली माने जाएंगे और विशेष रूप से कोरबा के सफाई कर्मी कथा आयोजन में मुख्य यजमान की भूमिका निभाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन 28 मार्च से 1 अप्रैल तक किया जाएगा। इसके पूर्व 27 फरवरी को 21 हजार माताओं-बहनों के साथ भव्य कलश यात्रा निकालने का संकल्प लिया गया है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक जागरण के साथ सामाजिक समन्वय और सहभागिता को बढ़ाना है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संभागीय सर संघचालक एवं विद्या भारती (मध्य क्षेत्र) के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श भक्त का स्वरूप हनुमान जी से समझ में आता है और संत धीरेंद्र शास्त्री जी अपनी वाणी से देश और विश्व में सनातन विचारधारा का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की भावना सर्वोपरि है और इसी समन्वय के उद्देश्य से कोरबा में यह दिव्य कथा आयोजित की जा रही है। उन्होंने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
समाजसेवी सुबोध सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे जिलेवासियों का सहयोग जरूरी है। कोई समय, कोई आर्थिक सहयोग और कोई अपने अनुभवों के माध्यम से योगदान दे सकता है। बैठक में नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, ऋतु चौरसिया, शिव कश्यप, विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष गौरव मोदी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव दिए।
Live Cricket Info