राज्य समाचार

कांकेर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर, C-60 का जवान शहीद

Spread the love

 

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कांकेर।   छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा से सटे जंगल क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर महाराष्ट्र पुलिस की C-60 यूनिट और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

 

 

काफी देर तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान नक्सलियों के पास से एक एके-47 राइफल, एक एसएलआर राइफल सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

 

इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को भी नुकसान उठाना पड़ा। C-60 यूनिट के कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनकी शहादत से सुरक्षा बलों में शोक की लहर है।

मुठभेड़ के दौरान C-60 के ही एक अन्य जवान कांस्टेबल जोगा मडावी, निवासी किश्तयापल्ली, भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें भी हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़चिरौली रेफर किया जा रहा है।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सली फरार हो गए होंगे। इसी को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर सीमावर्ती जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button