महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी; पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क का खुलासा

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के छह राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों और उनसे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ की गई है। सीबीआई के अनुसार, ओमान से प्रत्यर्पित किए गए मामले के मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर यह छापेमारी की गई।
सीबीआई की टीमों ने अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर सहित विभिन्न शहरों में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया। जांच एजेंसी ने मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के माध्यम से पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान महादेव ऐप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।
जांच में सामने आया कि महादेव ऐप का मुख्य संचालन विदेश में स्थित मुख्यालय से किया जाता था, जबकि भारत के अलग-अलग राज्यों में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने, दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की रकम जमा कराने और हवाला के जरिए मुनाफे को विदेश भेजने का काम करते थे।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
12 नवंबर को पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसी विदेशों में मौजूद अन्य आरोपियों, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
CBI की आम लोगों से अपील
सीबीआई ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। ऐसे मामलों में किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देना अथवा किराए पर उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। जांच एजेंसी ने लोगों से इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने और अपने बैंकिंग एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग नहीं होने देने की अपील की है।
Live Cricket Info