बारिश में मदद के बहाने मोबाइल चोरी, UPI से ₹2.84 लाख निकाले, 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर चकरभाठा थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी कर उससे जुड़े बैंक खातों से UPI के जरिए लाखों रुपये निकालने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बारिश के दौरान मदद करने के बहाने मोबाइल फोन चोरी किए और बाद में मोबाइल के स्क्रीन लॉक को खोलकर ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स के जरिए बैंक खातों से रकम निकाली। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद समेत करीब 75 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है।
बारिश में मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास तेज बारिश के कारण रुका था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को सिम्स अस्पताल में पाया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन गायब था।
UPI के जरिए खातों से निकले ₹2.84 लाख
पुलिस के अनुसार मोबाइल में प्रार्थी और उसकी मां के बैंक खाते लिंक थे। घर लौटने के बाद तबीयत खराब होने के कारण उसने दो-तीन दिन बाद नया सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसे UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। बैंक खातों की जांच करने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के खातों से कुल ₹2 लाख 84 हजार रुपये निकाले गए थे।
आधार की फोटो से पेमेंट ऐप रीसेट करने का आरोप
मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। बैंक से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल चोरी के बाद उसमें मौजूद गैलरी और एल्बम से आधार कार्ड की फोटो का इस्तेमाल कर PhonePe और Paytm जैसे पेमेंट ऐप रीसेट करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक इसके बाद बैंक खातों से रकम आरोपियों से जुड़े खातों में ट्रांसफर की गई। जांच में कुछ रकम ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डालने और कुछ पैसे खाने-पीने तथा कार से घूमने में खर्च करने की जानकारी भी सामने आई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार का सामान बरामद
पुलिस ने मामले में विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी चकरभाठा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से दो वीवो मोबाइल, एक पोको मोबाइल, एक आईफोन, एक पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये है। मामले में अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत BNS की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) और IT Act की धारा 66(C), 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Live Cricket Info

