राज्य समाचार

कोरबा की रेल सुविधाओं को लेकर सांसद ज्योत्सना महंत ने रेलवे जीएम को लिखा पत्र, समयबद्ध कार्रवाई की मांग

Spread the love

 

कोरबा ।  कोरबा लोकसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित रेल यात्री सुविधाओं की मांगों को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र भेजा है। सांसद ने कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए यात्री सुविधाओं में विस्तार की मांग करते हुए सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं परिचालनिक व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण करने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई शुरू करने को कहा है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और यहां से रेलवे को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ और अन्य प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त यात्री रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। विशेष रूप से दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने के लिए नियमित यात्री ट्रेन नहीं होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने रेलवे के समक्ष व्यावहारिक विकल्प भी रखे हैं। सांसद ने कहा कि भोपाल पैसेंजर बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहती है। इसके परिचालन समय में आवश्यक समायोजन कर इसे दोपहर करीब 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना का परीक्षण किया जा सकता है।

इसी तरह बिलासपुर–नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह करीब 9 बजे कोरबा से संचालित करने की संभावना पर भी विचार करने की मांग की गई है।

 

कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित ट्रेन की मांग

सांसद महंत ने कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित यात्री ट्रेन शुरू करने की मांग भी उठाई है। उन्होंने सुझाव दिया कि सुबह करीब 8:30 बजे कोरबा से रायगढ़ और शाम करीब 7 बजे रायगढ़ से कोरबा के लिए ट्रेन संचालित की जा सकती है। इससे कोरबा, बालपुर, सरगांव, सक्ती, खरसिया सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बिलासपुर में समाप्त होने वाली ट्रेनों के कोरबा तक विस्तार की मांग

सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर में ही समाप्त हो जाता है। ऐसी उपयुक्त ट्रेनों की पहचान कर उन्हें कोरबा तक विस्तारित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही अन्य प्रमुख स्टेशनों की तर्ज पर कोरबा से विशेष एवं अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने की मांग भी की गई है।

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा की रेल यात्री सुविधाओं का मुद्दा केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध कोरबा के विकास, औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम नागरिकों के दैनिक आवागमन से है। कोरबा देश की ऊर्जा और कोयला जरूरतों में महत्वपूर्ण योगदान देता है, ऐसे में यहां की जनता को बेहतर रेल यात्री सुविधाएं मिलना उसका जायज अधिकार है।

उन्होंने रेलवे महाप्रबंधक से सभी प्रस्तावों का तत्काल तकनीकी एवं परिचालनिक परीक्षण कर स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा उस पर कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। साथ ही कार्ययोजना की प्रगति से उनके कार्यालय और कोरबा की जनता को अवगत कराने की बात कही है।

सांसद महंत ने स्पष्ट किया कि कोरबा की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को अब केवल आश्वासन तक सीमित रखने के बजाय समयबद्ध और परिणाममूलक कार्रवाई की आवश्यकता है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button