राज्य समाचार

छत्तीसगढ़ में देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें दिखाएंगी दम

Spread the love

 

रायपुर।   छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित यह प्रतियोगिता देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को पूरी तरह प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाने की संभावित तिथियां तय की गई हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने किया लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और आधिकारिक शुभंकर का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने लीग के उद्देश्यों और आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

 

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी। साथ ही उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने, उनसे सीखने और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धी माहौल का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की खेल प्रतिभा और क्षेत्रीय पहचान को एक मंच मिलेगा।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी लीग की टैगलाइन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लोगो प्रदेश के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। लोगो में आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ी भाषा की यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है, जिसका अर्थ है—‘चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।’

‘बघवा’ होगा आधिकारिक शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक बनाया गया है। बघवा साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है। साथ ही यह खिलाड़ियों की जुझारू भावना और मैदान पर अपना दबदबा कायम करने की आकांक्षा को भी दर्शाता है।

लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल

प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। लीग मैचों के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद विजेता टीम का फैसला फाइनल मुकाबले में होगा।

प्रतियोगिता के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी। इससे मुकाबलों में तकनीकी गुणवत्ता, नियमों का पालन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

हॉकी के साथ मनोरंजन का भी होगा इंतजाम

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का अनुभव भी मिलेगा।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि निशुल्क प्रवेश के चलते बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, युवा और हॉकी प्रशंसक स्टेडियम पहुंचेंगे।

खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का अनुभव

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। प्रोफेशनल प्रारूप में होने वाली इस लीग से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी और श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। इससे प्रदेश में हॉकी के विकास, नई प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के कौशल को निखारने में मदद मिलने की उम्मीद है। लीग के लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी एवं खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button