राज्य समाचार

हजारों बहनों ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की कलाई पर बांधा विश्वास का रक्षासूत्र

Spread the love

 

सुबह से डी-1 निवास पर उमड़ा बहनों का सैलाब—स्नेह, आत्मीयता और आशीर्वाद से सराबोर हुआ “बहनी मन संग राखी के तिहार”

 

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now
तिलक, आरती और राखी के बीच भावुक हुए मंत्री देवांगन—कहा, “कोरबा की बहनों का सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली मेरे लिए केवल दायित्व नहीं, जीवन का संकल्प है”

 

कोरबा | ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज नेटवर्क रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा ने भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और आत्मीयता की ऐसी तस्वीर देखी, जिसने राजनीति और सार्वजनिक जीवन की औपचारिक सीमाओं को भी स्नेह के पवित्र रिश्ते में बदल दिया। डी-1, पंचवटी के समीप स्थित शासकीय निवास में नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन द्वारा आयोजित “बहनी मन संग राखी के तिहार” में हजारों बहनों ने पहुंचकर अपने मंत्री भाई की कलाई पर राखी बांधी। सुबह से शुरू हुआ बहनों के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा और पूरा परिसर रक्षाबंधन के उल्लास, अपनत्व तथा आशीर्वाद से सराबोर हो गया।

कलाई पर राखी, माथे पर तिलक और हृदय में असीम स्नेह

हाथों में पूजा की थाली, राखी और मिठाई लिए बहनें सुबह से ही मंत्री  देवांगन के निवास पहुंचने लगी थीं। लंबी कतारों के बावजूद उनके उत्साह और आत्मीयता में कोई कमी दिखाई नहीं दी। बहनों ने मंत्री  देवांगन के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। किसी ने उन्हें छोटे भाई की तरह आशीर्वाद दिया तो किसी ने बड़े भाई के रूप में अपने सुख-दुःख में साथ खड़े रहने का विश्वास व्यक्त किया। मंत्री  देवांगन ने भी प्रत्येक बहन का आत्मीयता से स्वागत किया और उनके स्नेह तथा आशीर्वाद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कोरबा की बहनों और उनके जनप्रतिनिधि के बीच वर्षों से बने आत्मीय रिश्ते का भावपूर्ण उत्सव बन गया।

पार्षद से कैबिनेट मंत्री तक—बहनों का स्नेह बना सबसे बड़ी शक्ति

इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पार्षद से प्रारंभ हुई उनकी सार्वजनिक यात्रा में कोरबा की माताओं और बहनों का आशीर्वाद सदैव उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा है।  उन्होंने कहा कि पार्षद, कोरबा नगर निगम के महापौर, कटघोरा विधायक, संसदीय सचिव और अब कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री बनने तक हर जिम्मेदारी में बहनों ने उन्हें अपना भाई मानकर जो विश्वास, अपनापन और आशीर्वाद दिया, उसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।  “पद और जिम्मेदारियां बदलती रही हैं, लेकिन कोरबा की बहनों से मिला स्नेह कभी नहीं बदला। मेरी कलाई पर बंधी प्रत्येक राखी मुझे उनके सम्मान, सुरक्षा और सुख-दुःख में हमेशा साथ खड़े रहने की जिम्मेदारी याद दिलाती है।”

 

“राखी का धागा नहीं, जीवनभर साथ निभाने का संकल्प

मंत्री  देवांगन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी का पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है तो वह साधारण धागा नहीं रहता। वह भाई को जीवनभर बहन के सम्मान की रक्षा करने, उसकी खुशियों में सहभागी बनने और प्रत्येक कठिन परिस्थिति में साथ खड़े रहने के दायित्व से जोड़ देता है।  प्रदेश की माताओं और बहनों का इतना स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त होना उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।

महिला सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

देवांगन ने कहा कि इसी भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार की नीतियों के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली रखी गई है।  उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा और शक्ति प्रदान कर रही हैं।  उद्योग मंत्री ने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना केवल एक परिवार की आय बढ़ने तक सीमित नहीं है। जब महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है तो परिवार के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य भी मजबूत होता है।

68 लाख बहनों के लिए आर्थिक संबल बनी महतारी वंदन योजना

मंत्री  देवांगन ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों को प्रत्येक माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। बहनें इस राशि का उपयोग अपनी आवश्यकताओं, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य तथा सिलाई-कढ़ाई सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों में कर रही हैं। यह आर्थिक सहायता महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और परिवार से जुड़े निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर रही है।  उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि हर माता और बहन को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना है।

आत्मीयता के उत्सव में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता

“बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, श्रीमती चंचला राठौर, श्रीमती स्वाति कश्यप, श्री देवेंद्र पांडे, श्रीमती रुक्मणी नायर, श्री नवीन अरोड़ा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री वैभव शर्मा और मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त  डिलेन्द्र यादव, श्री मनोज लहरे, श्री योगेश मिश्रा, श्री मनीष मिश्रा, श्री नारायण ठाकुर, श्री तुलसी ठाकुर, श्रीमती अंजना सिंह, श्री भुवनेश्वर तिवारी, पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री नरेंद्र देवांगन, श्रीमती धनश्री साहू, श्रीमती सरस्वती पटेल, श्रीमती धन कुमारी गर्ग, श्री सुशील गर्ग, श्रीमती ज्योति परिहार, श्री गिरधारी रजक, श्री बिहारी रजक, श्री संपत यादव और श्री फिरथ साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हजारों राखियों ने दिया जनविश्वास का संदेश

डी-1 निवास पर आयोजित यह कार्यक्रम हजारों बहनों के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास की अविस्मरणीय तस्वीर बन गया। मंत्री श्री देवांगन की कलाई पर बंधी प्रत्येक राखी मानो यही संदेश दे रही थी—  “यह रिश्ता केवल एक पर्व का नहीं, बल्कि कोरबा की बहनों के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली के प्रति जीवनभर जिम्मेदारी निभाने का है।”

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button