बिलासपुर में नशीली कफ सिरप पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38 नग आनरेक्स सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को कंस्ट्रक्शन कॉलोनी के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और इनके कारण बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गा पंडाल के पास कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इरफान अली उर्फ बाबू, पिता असगर अली, उम्र 34 वर्ष, निवासी रमजानी बाबा मजार के पास तालापारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 38 नग आनरेक्स कफ सिरप तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशीली सिरप झारसुगुड़ा से बिक्री के लिए लाना बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 21सी, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Live Cricket Info




