सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को मिली नई रफ्तार: महापौर संजू देवी राजपूत ने 86 छात्राओं को सौंपी साइकिलें


महापौर बोलीं—“बेटियों की शिक्षा ही विकसित कोरबा और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क
कोरबा। कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने मंगलवार को राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 86 छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और प्रदेश के विकास की आधारशिला है।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने एनटीपीसी जमनीपाली स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय की 59 छात्राओं तथा बालगीखार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 27 छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए उनके आत्मविश्वास और शिक्षा की नई यात्रा का शुभारंभ किया।

महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की यह योजना उन छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है, जिन्हें विद्यालय आने-जाने में दूरी और परिवहन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय, कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा से बढ़कर कोई संपत्ति नहीं होती और बेटियों को शिक्षित बनाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल साइकिल देना नहीं, बल्कि हर बेटी के सपनों को गति देना है ताकि कोई भी छात्रा केवल दूरी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर साइकिल प्राप्त करने की खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर एल्डरमैन ईश्वर साहू, दीपक यादव, मनोज अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अजय चंद्रा, मुकुंद सिंह कंवर, जनक सिंह राजपूत, सरोज शांडिल्य, बहत्तर सिंह, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, तरन्नुम निशा, अंजय अग्रवाल, अनिल गिरी, अशोक स्वर्णकार, मनीष मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू, स्नेहा शर्मा, शिक्षिका तारकेश्वरी मिश्रा, अजय प्रताप, भगवती देवांगन, मुकेश केवट, संजय राठौर, कमला राठौर, राजू केवट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना, छात्राओं की विद्यालय तक पहुंच को आसान बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाकर शिक्षा के प्रति निरंतर प्रेरित करना है। इस दिशा में कोरबा में आयोजित यह वितरण कार्यक्रम बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Live Cricket Info