राजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

रामसिंह अग्रवाल ने फिर से जीवित किया रेडक्रॉस सोसायटी, अब शहर में दिखाई देने लगा काम

कोरबा। लंबे समय से लगभग निष्क्रिय स्थिति में पहुंच चुकी भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा अब एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है। जिला चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में संस्था की गतिविधियों में तेजी आई है और अब शहर में रेडक्रॉस के काम दिखाई देने लगे हैं। जनसेवा से जुड़ी कई योजनाओं को फिर से गति देने की दिशा में पहल की जा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

जानकारों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियां काफी सीमित हो गई थीं और संस्था का कामकाज लगभग ठप सा हो गया था। ऐसे में नई कार्यकारिणी के गठन के बाद जब रामसिंह अग्रवाल ने जिला चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली, तब से संस्था को फिर से सक्रिय बनाने की दिशा में प्रयास शुरू किए गए। नियमित बैठकों के आयोजन, योजनाओं की समीक्षा तथा जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने से अब संस्था के काम में नई गति दिखाई देने लगी है।

हाल ही में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में रेडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में रक्तदान शिविरों के आयोजन, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, युवाओं को रेडक्रॉस से जोड़ने, स्कूलों और महाविद्यालयों में रेडक्रॉस की गतिविधियों का विस्तार करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके अलावा सामुदायिक स्तर पर रेडक्रॉस की भूमिका को मजबूत करने के लिए हेल्प डेस्क और एंबुलेंस सेवा शुरू करने की दिशा में भी विचार किया गया।

कटघोरा क्षेत्र में भी रेडक्रॉस की गतिविधियों को बढ़ाने की पहल की जा रही है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में रेडक्रॉस हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा एंबुलेंस संचालन शुरू करने का प्रस्ताव सामने आया है। साथ ही भविष्य में ब्लड बैंक स्थापित करने की संभावना पर भी चर्चा की गई है। इन योजनाओं के लागू होने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों का कहना है कि संस्था का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना इसकी प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

इसी कड़ी में आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमत कथा के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई है। आयोजन स्थल पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के जागरूक नागरिकों का भी मानना है कि यदि रेडक्रॉस सोसायटी इसी तरह सक्रिय होकर काम करती रही तो जरूरतमंदों को काफी राहत मिल सकेगी। उनका कहना है कि रामसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में संस्था में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है और आने वाले समय में रेडक्रॉस की गतिविधियां और भी व्यापक स्तर पर देखने को मिल सकती हैं।

शहर में रेडक्रॉस की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि संस्था एक बार फिर अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप समाज सेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और जरूरतमंद लोगों के लिए सहारा बनेगी।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button