राज्य एव शहर

फ्लिपकार्ट डिलीवरी कलेक्शन में लाखों की हेराफेरी, सुपरवाइजर के खिलाफ FIR

भिलाई  ।  पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में फ्लिपकार्ट से जुड़ी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के कैश कलेक्शन और बैंक जमा पर्चियों में हेराफेरी का मामला सामने आया है। एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर पुलिस ने शाखा सुपरवाइजर के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार, एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर अशोक कुमार वैष्णव ने 1 फरवरी 2026 को थाना पुरानी भिलाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी फ्लिपकार्ट इंटरनेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के लिए छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सामानों की डिलीवरी, कैश ऑन डिलीवरी से राशि संग्रह और उसे बैंक में जमा करने का कार्य करती है।

शिकायत के अनुसार, चरोदा ब्रांच (दादर रोड) में पदस्थ सुपरवाइजर जतिन कुमार झा को वितरण, कैश कलेक्शन और शाखा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 8 दिसंबर 2025 को पुणे स्थित प्रधान कार्यालय से प्राप्त जानकारी में सामने आया कि आरोपी ने विभिन्न तिथियों की बैंक जमा पर्चियों में हेरफेर कर जमा राशि को अधिक दर्शाया है।

जांच में पाया गया कि
– 27 नवंबर 2025 को ₹1,11,753 जमा कर पर्ची में ₹1,82,753 दर्शाया गया।
– 1 दिसंबर 2025 को ₹87,441 जमा कर ₹1,47,441 दिखाया गया।
– 6 दिसंबर 2025 को ₹1,36,521 जमा कर ₹1,90,852 दर्शाया गया।

इस तरह कुल ₹3,35,715 की वास्तविक राशि को ₹5,21,046 बताकर ₹1,85,331 की हेराफेरी की गई। इसके अतिरिक्त 8 दिसंबर 2025 को कैश मैनेजमेंट सर्विस एजेंसी में ₹47,226 कम जमा होने की जानकारी आरोपी ने स्वयं व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से दी थी, जिसकी प्रति शिकायत के साथ संलग्न है।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने 22 दिसंबर 2025 को ₹80,000 कंपनी के खाते में जमा किए थे। शेष ₹1,52,557 के भुगतान के लिए आरोपी जतिन कुमार झा और उसके भाई सागर झा द्वारा 31 दिसंबर 2025 को ₹50 के स्टाम्प पेपर पर भुगतान सहमति पत्र दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय 20 जनवरी 2026 तक राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद आरोपी के फोन भी बंद आने लगे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2026 धारा 116(d) बीएनएस एवं 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button